बलिया : कोतवाली से 300 मीटर दूर इलेक्ट्रॉनिक दुकान में पीछे से नकब लगाकर लाखों की चोरी - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : कोतवाली से 300 मीटर दूर इलेक्ट्रॉनिक दुकान में पीछे से नकब लगाकर लाखों की चोरी


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली से महज 300 मीटर की दूरी पर स्थित बांसडीह-सहतवार मुख्य मार्ग पर शुक्रवार की देर रात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक और फर्नीचर की दुकान में नकब लगाकर लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। शनिवार सुबह घटना की जानकारी होने पर क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी।


    जानकारी के अनुसार नगर पंचायत बांसडीह के वार्ड संख्या-2 निवासी एहसानुल हक की इलेक्ट्रॉनिक एवं घरेलू उपकरणों की दुकान है। शुक्रवार रात अज्ञात चोर दुकान के पीछे की टीन की दीवार को काटकर अंदर घुस गए और वहां रखे महंगे इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर ले गए।

    पीड़ित दुकानदार के मुताबिक चोर दुकान से 23 विभिन्न कंपनियों के मिक्सी, 15 सीलिंग पंखे, 9 इलेक्ट्रिक प्रेस तथा 4 एल ई डी टीवी समेत अन्य सामान उठा ले गए। चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये आंकी जा रही है। शनिवार सुबह जब दुकानदार दुकान खोलने पहुंचा तो पीछे की टीन की दीवार कटी हुई मिली। दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण गायब थे। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।घटना की खबर फैलते ही आसपास के दुकानदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्धों की तलाश में जुट गई है।प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है।जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपितों को गिरफ्तार किया जाएगा।

    दर्जन भर चोरियां, फिर भी नहीं थम रहे चोर; पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल

    बांसडीह कस्बे और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ महीनों के दौरान दर्जन भर से अधिक चोरी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। दुकानों, घरों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर चोर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इसके बावजूद अधिकांश मामलों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है। ताजा घटना कोतवाली से महज 300 मीटर की दूरी पर होने से पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदात कर रहे हैं, जबकि पुलिस की कार्रवाई अपेक्षित परिणाम नहीं दे पा रही है।

    खुलासे के दावों के बावजूद बरामदगी न होने से पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल

    बांसडीह क्षेत्र में हुई कई चोरी की घटनाओं में पुलिस ने आरोपितों की गिरफ्तारी और मामलों के खुलासे का दावा किया है, लेकिन अधिकांश मामलों में चोरी गए सामान की बरामदगी नहीं हो सकी है। इसे लेकर आम लोगों और पीड़ित परिवार में असंतोष व्याप्त है। लोगों का कहना है कि केवल गिरफ्तारी या खुलासे की घोषणा से पीड़ितों को राहत नहीं मिलती, जब तक उनका चोरी हुआ माल वापस न मिले। लगातार हो रही चोरियों और बरामदगी के अभाव से चोरों के हौसले बुलंद हैं। स्थानीय लोगों का मानना है कि अपराधी पुलिस के इकबाल को चुनौती देते हुए बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जिससे क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। व्यापारियों ने चोरी की घटनाओं के प्रभावी खुलासे के साथ-साथ चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।

    @विजय 9335009987