बलिया : भीषण गर्मी के चलते 15 जून तक बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : भीषण गर्मी के चलते 15 जून तक बंद रहेंगे कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालय

     



    बलिया। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी बलिया ने बड़ा आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार जिले में संचालित कक्षा 1 से 8 तक के सभी विद्यालयों में 15 जून 2026 तक पठन-पाठन बंद रहेगा। यह आदेश परिषदीय, मान्यता प्राप्त, वित्तविहीन एवं अन्य सभी बोर्डों से संचालित विद्यालयों पर लागू होगा।



    जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि वर्तमान समय में तेज धूप और हीटवेव की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी बलिया के निर्देश पर यह फैसला लिया गया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि ग्रीष्मावकाश की अवधि 20 मई 2026 से 15 जून 2026 तक प्रभावी रहेगी।

    बीएसए ने कहा कि कुछ निजी विद्यालयों द्वारा विद्यालय खोलकर पठन-पाठन कराए जाने की शिकायतें संज्ञान में आई थीं, जिसके बाद यह सख्त निर्देश जारी किया गया है। यदि कोई विद्यालय निर्धारित अवधि के दौरान खुला पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विद्यालय प्रबंधन की होगी।

    जारी आदेश की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, शिक्षा निदेशक (बेसिक), जिला विद्यालय निरीक्षक सहित संबंधित अधिकारियों एवं सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।