बलिया : बोर्ड बैठक बुलाने की मांग को लेकर नामित सभासदों ने सौंपा ज्ञापन
बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत बांसडीह में लंबे समय से बोर्ड की बैठक नहीं होने को लेकर शासन से नामित सभासदों ने नाराजगी जताई है। इसी क्रम में शुक्रवार को सभासदों ने जिलाधिकारी के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी को सौंपकर जल्द बोर्ड बैठक बुलाने की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर पंचायत बांसडीह में विगत कई महीनों से बोर्ड की बैठक आयोजित नहीं की गई है, जिससे नगर के विकास कार्यों पर चर्चा नहीं हो पा रही है। साथ ही सभासदों द्वारा नगर हित में दिए गए विभिन्न प्रस्ताव भी लंबित पड़े हुए हैं। सभासदों ने कहा कि नगर पंचायत से जुड़े विकास कार्यों एवं जनसमस्याओं के समाधान के लिए नियमित बोर्ड बैठक आवश्यक है।
शासन से नामित सभासद दुर्गेश कुमार मिश्रा ने बताया कि सरकार द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ नगर के आम लोगों तक पहुंचाने के लिए बोर्ड बैठक में चर्चा और कार्ययोजना बनाना जरूरी है। वहीं नामित सभासद तेजबहादुर रावत और प्रवीण सिंह ने कहा कि नगर पंचायत क्षेत्र में वर्तमान समय में कई महत्वपूर्ण समस्याएं एवं विकास प्रस्ताव लंबित हैं, जिन पर बोर्ड बैठक में चर्चा किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा, विवेक गुप्ता, राजेश प्रजापति, चन्द्रमा गिरी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
