बलिया :बांसडीह में प्रसूता की मौत से हड़कंप, परिजनों का हंगामा
बांसडीह (बलिया)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां इलाज के दौरान एक प्रसूता की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा और धरना शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोड़धप्पा निवासी रूबी देवी (28 वर्ष), पत्नी राकेश पटेल, रविवार दोपहर करीब दो बजे डिलीवरी के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंची थीं। वहां मौजूद एएनएम द्वारा रात करीब आठ बजे उनका प्रसव कराया गया, जिसमें उन्होंने एक बच्चे को जन्म दिया।
आरोप है कि प्रसव के बाद रूबी देवी का अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) शुरू हो गया, जो रात भर नहीं रुका। परिजनों का कहना है कि स्थिति गंभीर होने के बावजूद उन्हें रात भर अस्पताल में ही लापरवाहीपूर्वक रखा गया। सोमवार सुबह उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में जमकर हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और मामले में आरोपित एएनएम को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।वही सुरक्षा की दृष्टि से अस्पताल परिसर में भरी पुलिस बल तैनात है।

