बलिया : जमीन विवाद में दो पक्षों में मारपीट, दोनों पक्षों के कुल ग्यारह के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कस्बे के वार्ड नंबर 5 में आपसी रंजिश और जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट और जानलेवा हमला करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर हत्या के प्रयास,बलवा,आपराधिक धमकी सहित अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कस्बे के वार्ड नंबर-5 निवासी मनोज कुमार वर्मा पुत्र स्व. मोतीलाल वर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनके मकान की मरम्मत के लिए मंगाई गई गिट्टी और बालू को ट्रैक्टर चालक द्वारा सड़क पर गिरा दिया गया था,आवागमन बाधित होने के कारण निर्माण सामग्री को सड़क से हटाकर अपने घर के पास रखवाया जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान रामनारायण शर्मा, उनकी पत्नी प्रियंका शर्मा तथा अन्य लोगों के साथ पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। वही निर्माण सामग्री को पास में स्थित कुंए में फेंक दिया गया। वही इस घटना के एक वीडियो भी वायरल हो रहा हैं,हालांकि बलिया ब्रेकिंग किसी भी वायरल विडियो की पुष्टि नहीं करता है।
तहरीर के अनुसार आरोपियों ने प्रार्थी और उसके लगभग 16 वर्षीय पुत्र संजीवन वर्मा के साथ मारपीट की और गमछे से प्रार्थी के गले में फंदा लगाकर जान से मारने का प्रयास भी किया। आरोप है कि लाठी-डंडे और पत्थर से हमला किया गया, जिससे संजीवन वर्मा के दाहिने कंधे की हड्डी क्षतिग्रस्त हो गई। बीच-बचाव करने पहुंचे लोगों के बाद मामला शांत हुआ। घायल संजीवन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां एक्स-रे और अल्ट्रासोनोग्राफी की सलाह दी गई है। वहीं दूसरे पक्ष के रामनारायण शर्मा ने मनोज वर्मा और उनके पुत्र संजीवन वर्मा पर कोर्ट के स्थगन आदेश का उल्लंघन करते हुए निर्माण कार्य कराने और विरोध करने पर उनकी पत्नी प्रियंका शर्मा पर लोहे की रॉड से हमला करने का आरोप लगाया है। इस घटना में प्रियंका शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं और उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर किया गया। पुलिस ने मनोज सोनी की तहरीर पर विपक्षी रामनारायण शर्मा, प्रियंका शर्मा, श्वेता शर्मा, पिंकी शर्मा, गुंजा सोनी, नेहा सोनी, रामेश्वर सोनी उर्फ बंगाली, प्रिंस सोनी, धनंजय सोनी सहित तीन-चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं दूसरे रामनरायण शर्मा की तहरीर पर मनोज सोनी और उनके पुत्र संजीवन सोनी के खिलाफ भी मुकदमा पंजीकृत किया गया है। इस मामले में कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 11 नामजद सहित तीन चार अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
