बलिया : बिजली बाधित होने से लोगों को भारी परेशानी, अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप
बांसडीह, बलिया। क्षेत्र में बिजली व्यवस्था चरमराने से लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि सोमवार की देर रात करीब दस बजे हल्की हवा के झोंके से हुसेनाबाद से आने वाली मुख्य विद्युत लाइन का एक खंभा क्षतिग्रस्त होकर सड़क की ओर झुक गया, जिसके कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। इससे बांसडीह उपखंड से जुड़े हजारों उपभोक्ता करीब सात से आठ घंटे तक परेशान रहे।
देर रात करीब एक से दो बजे के बीच विद्युत कर्मियों द्वारा क्षतिग्रस्त खंभे को ठीक किए जाने के बाद आपूर्ति बहाल हो सकी। इस दौरान भीषण गर्मी और उमस के कारण लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई उपभोक्ता तो रात में ही मौके पर पहुंच गए और मरम्मत कार्य में लगे कर्मियों के साथ श्रमदान भी किया।
बार-बार हो रही विद्युत आपूर्ति की अव्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रतुल ओझा ने कहा कि शासन के स्पष्ट निर्देश हैं कि संबंधित अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यक्षेत्र में ही निवास करें, लेकिन कई कर्मचारी इन निर्देशों का पालन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों के बाहर रहने के कारण बिजली आपूर्ति बहाल करने में अनावश्यक देरी हुई, जिससे आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अधिकारियों और कर्मचारियों के रवैये में जल्द सुधार नहीं हुआ तो सरकार की छवि धूमिल करने वाले ऐसे मामलों की शिकायत मंत्री समेत उच्च अधिकारियों से की जाएगी।
