बलिया :भंडारे के दौरान युवक पर चाकू से हमला, चार के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के शाहपुर स्थित राजा गांव-खरौनी मार्ग पर हनुमान मंदिर परिसर में आयोजित भंडारे के दौरान एक युवक पर चाकू और लाठी-डंडों से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर चार आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
जानकारी के अनुसार गोरधप्पा निवासी चंदन तिवारी पुत्र तारकेश्वर तिवारी 30 मई की रात अपने मित्र प्रिंस गुप्ता के साथ भंडारे में प्रसाद ग्रहण करने गया था। आरोप है कि हाथ धोने को लेकर हुए विवाद के बाद शाहपुर निवासी गोलू यादव पुत्र दिलीप यादव तथा दारांव निवासी अंकित यादव पुत्र शुकुल यादव उसे पकड़कर खेत की ओर ले जाने लगे। चंदन का मित्र प्रिंस गुप्ता भी उनके पीछे गया।
पीड़ित पक्ष की तहरीर के अनुसार वहां आरोपियों ने गौरव सिंह को बुला लिया। आरोप है कि गौरव सिंह ने गाली-गलौज करते हुए चंदन तिवारी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। वहीं गोलू यादव, अंकित यादव तथा पतिसा निवासी अनूप यादव पुत्र वकील यादव पर युवक को पकड़कर लाठी-डंडों से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावरों ने युवक के सिर और हाथ पर धारदार हथियार से कई वार किए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और भंडारे में मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई। शोर-शराबा सुनकर जब स्थानीय लोग मौके की ओर बढ़े तो आरोपी वहां से फरार हो गए।स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला चिकित्सालय बलिया रेफर कर दिया। घायल युवक का उपचार चल रहा है।प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि घायल चंदन तिवारी के पिता तारकेश्वर तिवारी की तहरीर पर गोलू यादव, अंकित यादव, अनूप यादव तथा गौरव सिंह के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित अन्य संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
