चूल्हे की चिंगारी बनी तबाही का कारण, चार झोपड़ियां राख; दो लाख की नकदी समेत गृहस्थी स्वाहा - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    चूल्हे की चिंगारी बनी तबाही का कारण, चार झोपड़ियां राख; दो लाख की नकदी समेत गृहस्थी स्वाहा


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के डुहिमुसी गांव में रविवार को खाना बनाते समय चूल्हे से निकली चिंगारी ने भीषण आग का रूप ले लिया। आग की चपेट में आकर एक ही परिवार की चार रिहायशी झोपड़ियां जलकर राख हो गईं। घटना में अनाज, कपड़े, साइकिल समेत करीब दो लाख रुपये की नकदी जलकर नष्ट हो गई। आग लगने से पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी और आशियाने का संकट खड़ा हो गया है।

    जानकारी के अनुसार डुहिमुसी गांव निवासी पशुपति नाथ सिंह की पत्नी पुष्पा सिंह रविवार को लकड़ी के चूल्हे पर भोजन बना रही थीं। इसी दौरान चूल्हे से निकली चिंगारी मड़हे पर जा गिरी, जिससे आग लग गई। पछुआ हवा के तेज झोंकों के कारण आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास स्थित चार रिहायशी मड़हों को अपनी चपेट में ले लिया। 

    पीड़ित पशुपति नाथ सिंह ने बताया कि उन्होंने हाल ही में अपनी खेती की उपज तथा आम का बगीचा बेचकर करीब दो लाख रुपये नकद घर में रखे थे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर के भीतर रखा अनाज, कपड़े, साइकिल और नकदी समेत अन्य सामान बाहर निकालने का मौका नहीं मिल सका। देखते ही देखते पूरी गृहस्थी जलकर राख हो गई।

    आग लगने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जुट गई। ग्रामीणों ने काफी प्रयास कर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक चारों झोपड़ियां और उनमें रखा अधिकांश सामान नष्ट हो चुका था।

    घटना के बाद पीड़ित परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गया है। परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी पीड़ित परिवार को राहत उपलब्ध कराने की अपील की है।