बलिया : बांसडीह रात्रिकालीन लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता में कोतवाली टीम ने दर्ज की रोमांचक जीत
बांसडीह,बलिया। नगर में आयोजित बांसडीह रात्रिकालीन लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-2 का रोमांच लगातार बढ़ता जा रहा है। सोमवार की देर रात खेले गए एक मुकाबले में बांसडीह कोतवाली की टीम ने सिकंदरपुर की टीम को रोमांचक मुकाबले में हराकर शानदार जीत दर्ज की। मैच छह-छह ओवर का खेला गया, जिसमें कोतवाली टीम ने 82 रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करते हुए जीत हासिल की। एक बार तो ऐसा लगा कि सिकन्दरपुर की टीम एक तरफा जीत दर्ज करने जा रही है और दो ओवर में 48 रन बनाने थे लेकिन कहते है क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है कोतवाली की टीम ने संतोष यादव की शानदार बल्लेबाजी और सिकंदरपुर की टीम के लचर गेंदबाजी ने सिकंदरपुर को हराकर शानदार जीत दर्ज किया।
इससे पूर्व प्रतियोगिता का उद्घाटन बांसडीह व्यापार मंडल के अध्यक्ष विजय कुमार गुल्लर ने अपने सहयोगियों के साथ किया। उद्घाटन के दौरान खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्य अतिथि विजय कुमार गुल्लर ने कहा कि क्रिकेट का यह आयोजन युवाओं के लिए तो रोमांचक है ही, साथ ही हम जैसे लीजेंड खिलाड़ियों के लिए भी बेहद खास अनुभव है। उन्होंने कहा कि “कभी हम भी युवा थे और खेल के प्रति हमारा जुनून आज भी बरकरार है। ऐसे आयोजन लगातार होते रहने चाहिए, ताकि पुराने खिलाड़ी भी फिर से मैदान पर अपनी प्रतिभा दिखा सकें।”
प्रतियोगिता के आयोजक अविनाश मिश्रा ‘सिटू’ ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य उन उम्रदराज खेलप्रेमियों को फिर से क्रिकेट के मैदान से जोड़ना है, जो किसी कारणवश खेल से दूर हो गए थे। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता में पुराने खिलाड़ियों का उत्साह युवाओं से कम नहीं है।प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में खेलप्रेमी देर रात तक मौजूद रहकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते रहे।इस दौरान मुख्यरूप से मनोज साहू,श्री प्रकाश गुप्ता,अध्यापक संजय गुप्ता,विनोद तिवारी,अनिल सोनी,धीरज मिश्र आदि सैकड़ों खेल प्रेमी उपस्थिति रहे।
इस लीजेंड क्रिकेट प्रतियोगिता को खास बना रहा है इसकी लाइव स्ट्रीमिंग
इस क्रिकेट प्रतियोगिता को खास बनाने में यूट्यूब की भी अहम भूमिका रही। प्रतियोगिता की लाइव स्ट्रीमिंग यूट्यूब चैनल “गांव वाली बात” पर की जा रही है। लाइव स्ट्रीमिंग कर रहे खेलप्रेमी धीरज मिश्रा ने बताया कि इस रोमांचक प्रतियोगिता को केवल मैदान तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसे लोगों के मोबाइल और घरों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि दर्शक यूट्यूब पर लाइव मैच देखकर प्रतियोगिता का भरपूर आनंद ले सकते हैं।
धीरज मिश्रा ने दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घर बैठे भी लोग इस रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता के रोमांच का मजा ले सकते हैं।
