बलिया : सरयू में नहाना पड़ा भारी—तेज धारा में डूबा युवक, तलाश जारी
बांसडीह (बलिया):भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए नदी में उतरना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हो गया। क्षेत्र के मलाही चक गांव के समीप शनिवार को सरयू नदी में नहाते समय 22 वर्षीय युवक गहरे पानी में समा गया। देखते ही देखते वह लहरों में ओझल हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मनियर थाना क्षेत्र के मानिकपुर (महेंद्रा) निवासी रघुवंश ठाकुर का पुत्र यश ठाकुर अपने दोस्तों के साथ मलाही चक में क्रिकेट मैच खेलने आया था। मैच समाप्त होने के बाद वह अपने साथियों—राहुल मिश्रा, रूपेश चौहान, दिलीप, अनमोल, राहुल कनौजिया व अभिषेक बजरंगी के साथ सरयू नदी के तट पर पहुंचा।
नहाने के दौरान सभी युवक अचानक गहरे पानी और तेज धारा की चपेट में आ गए। जलस्तर अधिक होने से हालात बेकाबू हो गए। किसी तरह अन्य साथी बाहर निकल आए, लेकिन यश ठाकुर तेज बहाव से खुद को नहीं बचा सका और गहरे पानी में डूब गया।
युवक को डूबता देख उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। सूचना मिलते ही तहसीलदार नितिन सिंह और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कर दी गई है। साथ ही एनडीआरएफ टीम को भी बुलाया गया है। देर शाम तक युवक का कोई सुराग नहीं लग सका, जिससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
जन-जागरूकता (जरूरी संदेश):
नदियों में नहाते समय जरा सी लापरवाही जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। खासकर गर्मियों में जलस्तर और धारा का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।
👉 तेज बहाव या गहरे पानी वाली जगहों पर न उतरें
👉 अकेले या बिना जानकारी के नदी में नहाने से बचें
👉 स्थानीय लोगों/प्रशासन की चेतावनियों का पालन करें
👉 तैरना न जानते हों तो पानी से दूरी बनाए रखें
“एक पल की लापरवाही, पूरे परिवार के लिए जीवनभर का दर्द बन सकती है।”
