बलिया : सोशल मीडिया में खबर वायरल होते ही चोरों ने छोड़ी चोरी की बाइक, पुलिस ने बरामद किया वाहन - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : सोशल मीडिया में खबर वायरल होते ही चोरों ने छोड़ी चोरी की बाइक, पुलिस ने बरामद किया वाहन

     



    बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कस्बे के वार्ड संख्या-15 निवासी अधिवक्ता गोपाल मिश्रा की घर के बाहर से चोरी हुई मोटरसाइकिल आखिरकार बरामद हो गई। बताया जा रहा है कि घटना की खबर सोशल मीडिया और विभिन्न समाचार माध्यमों पर प्रसारित होने के बाद चोरों ने बाइक को लावारिस हालत में छोड़ दिया और फरार हो गए। हालांकि घटना में शामिल चोर अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं।

    गौरतलब है कि शुक्रवार की रात कोतवाली से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित अधिवक्ता गोपाल मिश्रा के आवास के बाहर खड़ी मोटरसाइकिल को चोरों ने लॉक तोड़कर चोरी कर लिया था। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इसके बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया था।

    पीड़ित अधिवक्ता गोपाल मिश्रा ने बताया कि शनिवार की शाम एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने सूचना दी कि दराव स्थित एक कोल्ड स्टोरेज के पास एक मोटरसाइकिल लावारिस हालत में खड़ी है। सूचना मिलने के बाद उन्होंने तत्काल स्थानीय पुलिस प्रशासन को अवगत कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में लेकर कोतवाली पहुंचाया।

    गोपाल मिश्रा ने बताया कि बाइक मिलने से राहत जरूर मिली है, लेकिन चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करेगी।


    मामले में पुलिस ने अज्ञात चोरों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

    पीड़ित अधिवक्ता ने स्थानीय पत्रकारों, सोशल मीडिया उपयोगकर्ताओं और प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि घटना की खबर व्यापक रूप से प्रसारित होने के बाद चोरों पर दबाव बना और उन्होंने मोटरसाइकिल छोड़ दी। उनका कहना है कि जनसहयोग और मीडिया की सक्रियता के कारण वाहन शीघ्र बरामद हो सका।

    आपको बता दें कि शुक्रवार देर रात चोरों ने अधिवक्ता के घर के बाहर खड़ी बाइक का लॉक कुछ ही सेकेंड में तोड़ दिया था। बाइक स्टार्ट न होने पर चोर उसे धक्का देकर ले गए थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। अब बाइक बरामद होने के बावजूद चोरों की गिरफ्तारी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई है।