बलिया : बांसडीह क्षेत्र के हुसेनाबाद में 33 केवी लाइन का तार काटकर चोरी, अज्ञात के खिलाफ मुकदमा
बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के हुसेनाबाद गांव में निर्माणाधीन 33 केवी विद्युत लाइन का तार काटकर चोरी किए जाने का मामला सामने आया है। चोरों ने आठ खंभों पर खींचे गए नए तार को काट लिया, जिससे बांसडीह विद्युत उपकेंद्र तक प्रस्तावित बिजली आपूर्ति लाइन का कार्य प्रभावित हो गया है। पुलिस ने कार्यदायी संस्था के अवर अभियंता की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विद्युत माध्यमिक कार्य खंड आजमगढ़ के अवर अभियंता प्रवीण रेमंड ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 132 केवी विद्युत उपकेंद्र हुसेनाबाद से 33 केवी विद्युत उपकेंद्र बांसडीह तक ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति के लिए करीब 12 किलोमीटर लंबी नई लाइन का निर्माण कराया जा रहा है। इसके लिए खंभे लगाए जा चुके हैं और तार भी खींच दिया गया था।
आरोप है कि हुसेनाबाद गांव के पास अज्ञात चोरों ने आठ खंभों से नया विद्युत तार काटकर चोरी कर लिया। तार चोरी होने से निर्माणाधीन लाइन को चालू नहीं किया जा सकता है और विद्युत आपूर्ति शुरू करने की योजना प्रभावित हुई है।
पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास जांच की जा रही है और चोरों की तलाश के प्रयास किए जा रहे हैं।
