बलिया : जर्जर सड़क पर सभासदों ने SDM को सौंपा ज्ञापन
बांसडीह,बलिया। नगर पंचायत बांसडीह के इलाहाबाद बैंक रोड की जर्जर स्थिति को लेकर नगर के सभासदों का आक्रोश फूट पड़ा। जल जीवन मिशन (नल-जल योजना) के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़क की अब तक मरम्मत नहीं कराए जाने से नाराज सभासदों ने गुरुवार को उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो सभासदों और नगरवासियों को आंदोलन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
ज्ञापन में कहा गया कि जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन बिछाने के लिए इलाहाबाद बैंक रोड को खोदा गया था, लेकिन कार्य पूरा होने के बाद सड़क को बिना मरम्मत के छोड़ दिया गया। लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सभासदों ने बताया कि यह नगर का अत्यंत व्यस्त और महत्वपूर्ण मार्ग है। इसी रास्ते से स्कूली छात्र-छात्राएं, बुजुर्ग, बैंक के उपभोक्ता, व्यापारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक प्रतिदिन आवागमन करते हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर घायल हो रहे हैं तथा दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जनहित को देखते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था अथवा नगर पंचायत को तत्काल सड़क की मरम्मत, पिचिंग अथवा राविश डलवाने के निर्देश दिए जाएं, ताकि लोगों को इस नारकीय स्थिति से राहत मिल सके।
इस संबंध में उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी ने जल निगम के संबंधित अधिकारी को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि सड़क निर्माण कार्य में और लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी उनकी होगी।
ज्ञापन सौंपने वालों में सभासद संदीप कुमार सिंह, अभिषेक कुमार, अमित गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, संजीव, अतुल कुमार गुप्ता तथा चंदन गुप्ता आदि शामिल रहे।
