बलिया: हिरासत में मारपीट के आरोप में बड़ी कार्रवाई, दरोगा व सिपाही निलंबित, रेवती थाना प्रभारी लाइन हाजिर
बलिया । पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने रेवती थाने से जुड़े एक मामले में बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। हिरासत में मारपीट के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एक उपनिरीक्षक और एक आरक्षी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है, जबकि रेवती थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
मामला थाना रेवती में दर्ज मुकदमा संख्या 213/2026 से जुड़ा है। ग्राम गायघाट निवासी विशाल गोड़ की तहरीर पर दर्ज एफआईआर के अनुसार, 7 जुलाई को खेदन चौराहे स्थित सूरज कन्नौजिया की मीट की दुकान पर विशाल गोड़ और सूरज कन्नौजिया के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। आरोप है कि अगले दिन 8 जुलाई को शिकायतकर्ता के पिता को रेवती थाने के दो पुलिसकर्मी थाने ले गए, जहां उनके साथ मारपीट की गई।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने प्रथम दृष्टया पदीय कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और अकर्मण्यता मानते हुए उपनिरीक्षक सचिन सरोज और आरक्षी अंकित सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वहीं, तत्कालीन थानाध्यक्ष राजकेशर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया है।मामले की निष्पक्ष जांच के लिए विवेचना क्षेत्राधिकारी लाइन को सौंपी गई है। साथ ही उपनिरीक्षक अनिल कुमार सिंह को रेवती थाने का नया प्रभारी निरीक्षक (थानाध्यक्ष) नियुक्त किया गया है।
