बलिया : 29 अगस्त को सहतवार के पकहा गांव आएंगे CM योगी, हेलीपैड निर्माण तेज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : 29 अगस्त को सहतवार के पकहा गांव आएंगे CM योगी, हेलीपैड निर्माण तेज

      


    रिपोर्ट - आनंद सिंह (पिंटू),सहतवार

    सहतवार,बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 29 अगस्त को सहतवार थाना क्षेत्र के पकहा गांव में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सहतवार-चांदपुर मार्ग स्थित पकहा गांव के गलाफरपुर मौजा में हेलीपैड निर्माण और कार्यक्रम स्थल की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

    बुधवार को डीएम मंगला प्रसाद सिंह, एसपी ओमवीर सिंह, विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह और भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। विधायक केतकी सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर जेसीबी से भूमि को समतल कराने और हेलीपैड तैयार करने का काम शुरू हो गया। इसके साथ ही टेंट व अन्य जरूरी व्यवस्थाओं के लिए सामान ट्रकों से पहुंचना शुरू हो गया। जर्मन हैंगर टेंट समेत अन्य संसाधनों की व्यवस्था की जा रही है।

    निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने एडीएम तथा लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। हेलीपैड को 28 अगस्त तक हर हाल में तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने वाले मार्ग और अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त कराया जा रहा है।

    एक लाख से अधिक भीड़ जुटने का अनुमान

    मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह ने अधिकारियों को बताया कि कार्यक्रम में एक लाख से अधिक लोगों के जुटने की उम्मीद है। इसे देखते हुए प्रशासन भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर तैयारियों में जुटा है।

    बाढ़ पीड़ितों को मिल सकती है राहत

    संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र को कई नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिल सकती है। वहीं हालिया बाढ़ से प्रभावित लोगों के लिए भी राहत की घोषणा या वितरण की उम्मीद है। राजस्व टीमों द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों की सूची तैयार किए जाने और उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

    मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर बुधवार को पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर अधिकारियों और कर्मचारियों की आवाजाही बनी रही। प्रशासनिक अमला तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।