बलिया : मिठाई खरीदते समय रहें सावधान, चमक नहीं गुणवत्ता देखें,कुछ भी असमान्य दिखे तो करे यहां शिकायत
- खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारों से पहले उपभोक्ताओं को किया जागरूक,
- बासी और अस्वाभाविक रंग वाली मिठाई से बचने की अपील
बलिया, 26 अगस्त। आगामी त्योहारों एवं पर्वों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिले के उपभोक्ताओं को मिठाई खरीदते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने लोगों से मिठाई की चमक के बजाय उसकी गुणवत्ता और स्वच्छता पर ध्यान देने की सलाह दी है।खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद बलिया की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि उपभोक्ता मिठाई हमेशा स्वच्छ एवं प्रतिष्ठित प्रतिष्ठान से ही खरीदें। दुकान में साफ-सफाई और खाद्य पदार्थों के सुरक्षित रख-रखाव पर भी विशेष ध्यान दें। विभाग ने कहा कि मिठाई ताजा, स्वच्छ और दुर्गंध रहित होनी चाहिए। बासी, फफूंद लगी, चिपचिपी अथवा असामान्य रंग और गंध वाली मिठाई खरीदने से बचें। दूध, खोया और छेना से बनी मिठाइयां जल्दी खराब हो सकती हैं, इसलिए इन्हें ताजा खरीदकर जल्द से जल्द सेवन करना चाहिए।
पैक्ड मिठाई पर जरूर देखें ये जानकारी
पैक की हुई मिठाई खरीदते समय निर्माण/पैकिंग तिथि, एक्सपायरी डेट, बैच नंबर और FSSAI लाइसेंस/पंजीकरण संख्या अवश्य जांचें। अत्यधिक चमकीले या अस्वाभाविक रंग वाली मिठाइयों से भी दूरी बनाए रखें। विभाग ने मिठाई पर लगे चांदी के वर्क को लेकर भी सावधानी बरतने को कहा है। उपभोक्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि मिठाई पर खाद्य-ग्रेड वर्क का ही इस्तेमाल किया गया हो।
अखबार में पैक कराकर न लें मिठाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि मिठाई को अखबार में पैक कराकर नहीं लेना चाहिए। खाद्य पदार्थों के लिए स्वच्छ और उपयुक्त पैकिंग सामग्री का ही इस्तेमाल कराया जाए। खरीदारी के समय बिल या कैश मेमो जरूर लें, ताकि आवश्यकता पड़ने पर शिकायत अथवा जांच में यह उपयोगी हो सके।विभाग ने लोगों से जरूरत के अनुसार ही मिठाई खरीदने और उसे उचित तापमान एवं स्वच्छ स्थान पर सुरक्षित रखने की अपील की है।
संदिग्ध मिठाई दिखे तो करें शिकायत
यदि किसी प्रतिष्ठान पर बासी, मिलावटी, अस्वच्छ अथवा संदिग्ध मिठाई दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद बलिया को देने की अपील की गई है।
खाद्य सुरक्षा विभाग की अपील:
“मिठाई की चमक नहीं, उसकी गुणवत्ता देखें। स्वाद के साथ स्वास्थ्य का भी ध्यान रखें।” विभाग ने कहा कि त्योहारों की खुशियां तभी सार्थक हैं, जब परिवार को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ मिलें। इसलिए उपभोक्ता जागरूक बनें और सावधानी से मिठाई खरीदकर ही त्योहार की खुशियां मनाएं। — सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, जनपद बलिया

