बलिया : मनियर पुलिस की साइबर कार्रवाई से दो पीड़ितों को मिली बड़ी राहत, ठगी के ₹69,758 खाते में कराए वापस
बांसडीह/मनियर (बलिया): साइबर अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए मनियर थाना पुलिस की साइबर हेल्प डेस्क ने दो अलग-अलग मामलों में ठगी के शिकार पीड़ितों की कुल ₹69,758 की धनराशि वापस कराकर उन्हें बड़ी राहत दिलाई। धनराशि वापस मिलने पर दोनों पीड़ितों ने बलिया पुलिस और मनियर पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।
पहला मामला: पिलुई गांव निवासी सत्येन्द्र चौहान पुत्र स्व. राम हृदय चौहान का मोबाइल दिल्ली से घर लौटते समय कहीं खो गया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से ₹73,450 की अवैध निकासी कर ली गई। शिकायत मिलने पर मनियर पुलिस ने तत्काल एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए ₹58,803 की धनराशि होल्ड कराई। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में उक्त राशि उनके स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मनियर स्थित खाते में वापस करा दी गई।
दूसरा मामला: मनियर निवासी कमला यादव पुत्र कन्हैया यादव के बैंक खाते से 30 मई 2026 को साइबर ठगों ने ₹1,13,861 की धोखाधड़ी कर ली थी। मामले की शिकायत एनसीआरपी पोर्टल और थाना मनियर में दर्ज कराई गई। साइबर हेल्प डेस्क ने संबंधित बैंकिंग संस्थाओं और तकनीकी माध्यमों से कार्रवाई करते हुए ₹10,955 की धनराशि होल्ड कराई। इसके बाद Money Restoration Portal पर धारा 106(3) बीएनएसएस के तहत आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर 4 अगस्त 2026 को उक्त राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई।
दोनों मामलों में यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) एवं नोडल साइबर सेल संजय वर्मा के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र के मार्गदर्शन तथा थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में की गई।
साइबर हेल्प डेस्क टीम में शामिल रहे:
- उपनिरीक्षक धनंजय सिंह, प्रभारी साइबर हेल्प डेस्क, थाना मनियर
- कांस्टेबल मनोज प्रजापति
- कांस्टेबल आदर्श श्रीवास्तव
- कांस्टेबल आकाश यादव
मनियर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 हेल्पलाइन या NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि होल्ड कराकर वापस कराई जा सके।
