बलिया :सरकारी चकमार्ग निर्माण के निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान पर जानलेवा हमला, छह नामजद पर मुकदमा
बांसडीह (बलिया): कोतवाली क्षेत्र के पाण्डेय के पोखरा गांव में सरकारी चकमार्ग निर्माण के निरीक्षण के दौरान ग्राम प्रधान नितेश पाण्डेय पर दबंगों द्वारा कथित रूप से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में ग्राम प्रधान गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने छह नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शी मनबोध राजभर के अनुसार, सोमवार दोपहर वह ग्राम प्रधान के साथ सरकारी चकमार्ग निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान चकमार्ग निर्माण का विरोध कर रहे गांव के अशोक गोड़, सतन गोड़, रुबी और उर्मिला अपने घर की छत पर चढ़ गए और विवाद करने लगे। ग्राम प्रधान ने उन्हें समझाने का प्रयास किया कि यह सार्वजनिक विकास कार्य है और इससे पूरे गांव को लाभ मिलेगा, लेकिन आरोप है कि इसी बीच उन्होंने छत से ताबड़तोड़ ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
हमले में ग्राम प्रधान के सिर पर गंभीर चोट लगी और वह लहूलुहान हो गए। आरोप है कि इसके बाद पड़ोसी घर से नागा और करन लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और गाली-गलौज करते हुए उनकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान ग्राम प्रधान बेहोश होकर मौके पर गिर पड़े।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल बांसडीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उनका सीटी स्कैन और चिकित्सीय परीक्षण कराया गया।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपितों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
