बलिया : सावन के दूसरे सोमवार शिव मंदिर में चेन चोरी से हड़कंप
जलाभिषेक के लिए उमड़ी भीड़ में महिला के गले से सोने की चेन काट ले गईं दो महिलाएं, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
बांसडीह (बलिया)। क्षेत्र के प्रसिद्ध सैदपुरा गांव स्थित सैदनाथ शिव मंदिर में सावन के दूसरे सोमवार को जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के दौरान चेन चोरी की वारदात से हड़कंप मच गया। मंदिर में उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर दो महिला चोरों ने एक महिला के गले से सोने की चेन काटकर पार कर दी। पूरी वारदात मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार हालपुर गांव निवासी सूर्यदेव सिंह की पत्नी माधुरी देवी सोमवार सुबह करीब 10 बजे सैदनाथ शिव मंदिर में जल चढ़ाने और पूजा-अर्चना करने पहुंची थीं। सावन के सोमवार के चलते मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। इसी दौरान भीड़ का फायदा उठाकर दो संदिग्ध महिलाओं ने माधुरी देवी के गले से सोने की चेन काट ली और भीड़ में गायब हो गईं।
पूजा-अर्चना के बाद जब माधुरी देवी को गले से चेन गायब होने का पता चला तो उन्होंने मंदिर प्रशासन को इसकी जानकारी दी। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। फुटेज में दो महिलाएं संदिग्ध तरीके से महिला के आसपास घूमती और चेन चोरी करती दिखाई दीं।
पीड़िता माधुरी देवी ने स्थानीय पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात महिला आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्ध महिलाओं की पहचान और गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
सावन के सोमवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बीच हुई इस घटना ने मंदिर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
