बलिया : रसोइया चाकूबाजी का खुलासा: चाचा से जमीन विवाद के बाद भतीजी ने प्रेमी संग रची साजिश, मिठाई के बहाने बुलाकर कराया जानलेवा हमला - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : रसोइया चाकूबाजी का खुलासा: चाचा से जमीन विवाद के बाद भतीजी ने प्रेमी संग रची साजिश, मिठाई के बहाने बुलाकर कराया जानलेवा हमला

     


    बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के छोटकी सेरिया में रसोइया मुन्ना प्रसाद माली पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, चाचा से जमीन को लेकर हुए विवाद के बाद उनकी भतीजी मीना कुमारी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी प्रदीप सैनी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। इसके बाद मिठाई बनाने के बहाने मुन्ना प्रसाद को छोटकी सेरिया बुलाया गया, जहां बाइक सवार तीन युवकों ने धारदार हथियार से उनकी पीठ पर कई वार किए। मामले में बांसडीह पुलिस ने साजिश रचने की आरोपिता मीना कुमारी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं, वारदात में शामिल बताए जा रहे कृष्णा चौहान उर्फ शेरु चौहान को गड़वार पुलिस ने गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू बरामद किया है।



    जमीन विवाद के बाद बनी जान से मारने की योजना

    पुलिस के मुताबिक, मीना कुमारी ने पूछताछ में बताया कि कुछ दिन पहले उसका अपने चाचा मुन्ना प्रसाद माली से जमीन को लेकर विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान चाचा द्वारा गाली-गलौज किए जाने से वह नाराज थी। इसके बाद उसने अपने दीदी के देवर प्रदीप सैनी, जिससे वह प्रेम करती है, को विवाद की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, इसके बाद मीना और प्रदीप ने कथित तौर पर मुन्ना प्रसाद को जान से मारने की योजना बनाई। आरोप है कि 9 अगस्त को प्रदीप और मन्नू सैनी ने प्रदीप के दोस्तों के साथ मिलकर मिठाई बनाने के बहाने मुन्ना प्रसाद को छोटकी सेरिया बुलवाया।

    पहले से घात लगाए बैठे थे तीन युवक

    पुलिस के अनुसार, मुन्ना प्रसाद जब छोटकी सेरिया पहुंचे तो वहां प्रदीप के दोस्त सचिन चौहान, रितेश चौहान और कृष्णा चौहान पहले से मौजूद थे। आरोप है कि तीनों ने जान से मारने की नीयत से धारदार हथियार से मुन्ना प्रसाद की पीठ पर कई वार किए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग निकले। घटना के संबंध में बांसडीह थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस अज्ञात हमलावरों की तलाश में जुटी थी।

    गड़वार पुलिस ने एक हमलावर को पकड़ा, चाकू बरामद

    उधर, गड़वार पुलिस ने हत्या के प्रयास से जुड़े मुकदमे में कार्रवाई करते हुए कृष्णा चौहान उर्फ शेरु चौहान पुत्र धर्मचन्द्र चौहान, निवासी पिंडारी, थाना मनियर, हाल पता नगरी पटखौली, थाना सुखपुरा को सरया गांव के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक चाकू भी बरामद किया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में आर्म्स एक्ट की धारा 4/25 की बढ़ोतरी की गई। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपित को न्यायालय भेज दिया।

    मीना की गिरफ्तारी के बाद बढ़ीं धाराएं

    बांसडीह पुलिस ने 11 अगस्त को मीना कुमारी को कस्बा बांसडीह बाजार के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ और उसके बयान के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1) और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। मीना को भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस अब घटना में शामिल बताए जा रहे प्रदीप सैनी, मन्नू सैनी, सचिन चौहान और रितेश चौहान की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

    CCTV और तकनीकी जांच भी बनी अहम कड़ी

    घटना के बाद बाइक से भाग रहे तीन संदिग्धों के बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के छाता स्थित एक मठ के CCTV कैमरे में कैद होने की बात भी जांच में सामने आई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की दिशा में जांच आगे बढ़ाई। घायल मुन्ना प्रसाद से भी संदिग्ध युवकों की पहचान कराई गई थी। इसके बाद गड़वार पुलिस की कार्रवाई में कृष्णा चौहान उर्फ शेरु की गिरफ्तारी और उसकी निशानदेही पर चाकू की बरामदगी हुई।

    पुलिस के आधिकारिक प्रेस नोट के अनुसार, मीना के बयान के आधार पर हत्या के प्रयास की साजिश में उसकी भूमिका सामने आई है। मामले में विवेचना जारी है और फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी कड़ी और स्पष्ट होने की उम्मीद है।