‘मुझे जहर पिला दिया...’ मौत से पहले का कथित VIDEO वायरल, पूनम की मौत पर गहराया रहस्य
- संदिग्ध मौत में नया मोड़: मौत से पहले के वीडियो ने बढ़ाए सवाल
- मृतका ने युवक पर जहर पिलाने और आभूषण ले जाने का लगाया कथित आरोप, पुलिस जांच में जुटी
मनियर, बलिया। मनियर कस्बे के वार्ड नंबर 12 निवासी ब्यूटी पार्लर संचालिका पूनम गुप्ता (42) की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मौत से पहले सामने आए एक कथित वीडियो में पूनम एक युवक पर जहर पिलाने और आभूषण ले जाने का आरोप लगाती नजर आ रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, वायरल वीडियो की (बलिया ब्रेकिंग न्यूज) पुष्टि नहीं करता है और पुलिस जांच के बाद ही इसमें लगाए गए आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।
पूनम मनियर कस्बे में रुचि ब्यूटी पार्लर चलाती थीं। बताया जाता है कि पति बृजेश गुप्ता से उनका लंबे समय से विवाद चल रहा था और दोनों के बीच तलाक का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। पति से अलग रहने के दौरान पूनम अलग-अलग किराए के मकानों में रह रही थीं। बुधवार को अचानक तबीयत बिगड़ने पर उनके पति उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर लेकर पहुंचे। जहर के सेवन की आशंका को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
वायरल वीडियो ने बढ़ाया रहस्य
मौत से पहले सामने आए कथित वीडियो में पूनम आमिर नामक युवक पर गंभीर आरोप लगाती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में वह युवक पर आभूषण ले जाने तथा जहर पिलाने की बात कहती नजर आती हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामले की गंभीरता और बढ़ गई है। स्थानीय स्तर पर मृतका और उक्त युवक के बीच कथित संबंधों को लेकर भी चर्चाएं हैं, लेकिन इसकी पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में किसी भी तरह की अटकल या आरोप को तथ्य मानने के बजाय पुलिस जांच के निष्कर्ष का इंतजार करना जरूरी है।
डेढ़ साल में बेटी और छह माह पहले बेटे की मौत
बताया जाता है कि पूनम की करीब 18 वर्षीय बेटी रुचि की लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। वहीं करीब छह माह पहले उनके पुत्र राजन गुप्ता की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। अब पूनम की संदिग्ध मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
-सोसल मीडिया पर वायरल वीडियो👆
तहरीर मिलने के बाद होगी कार्रवाई
मनियर थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी के अनुसार, पूनम को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था। मृतका के पिता की ओर से तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।
सूत्रों के अनुसार, पुलिस ने मामले में मोहम्मद आमिर पुत्र नौशाद उर्फ नजरे अली, निवासी वार्ड नंबर 12 मनियर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मेडिकल रिपोर्ट, वायरल वीडियो की जांच और परिजनों की तहरीर के आधार पर ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी। फिलहाल मामला कई सवाल छोड़ गया है—क्या पूनम ने स्वयं जहर का सेवन किया, उन्हें जबरन जहर दिया गया या इसके पीछे कोई अन्य वजह थी? पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।
