बलिया : बांसडीहरोड क्षेत्र में सर्पदंश से वृद्ध महिला व दस वर्षीय बालक की मौत
बांसडीह (बलिया)। बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में सर्पदंश की घटनाओं में वृद्ध महिला और दस वर्षीय बालक की मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिवार में मातम पसरा है।
पहली घटना मंगलवार सुबह शेर (बड़की सेरिया) गांव में हुई। गांव निवासी शांति देवी (उम्र करीब 60 वर्ष) पत्नी केदारनाथ वर्मा सुबह घर की नाली साफ कर रही थीं। इसी दौरान झाड़ियों के बीच छिपे सांप ने उन्हें डंस लिया। घटना के बाद स्वजन कुछ देर तक सांप की तलाश करते रहे। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान शांति देवी ने दम तोड़ दिया।
वहीं, दूसरी घटना सोमवार रात तिवारी बरहटा गांव में हुई। गांव निवासी सन्नी नट (10) पुत्र रुदल नट घर के बाहर जमीन पर सो रहा था। इसी दौरान सांप ने उसकी दाहिनी कोहनी में डंस लिया। परिजन उसे उपचार के लिए ले जाने की तैयारी करते, इससे पहले ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने बालक के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों मृतकों के शवों का पुलिस द्वारा अंत्य परीक्षण कराया जा रहा है।
