बलिया BREAKING : लुकआउट सर्कुलर के बाद एयरपोर्ट से पकड़ा गया अश्लील फोटो-वीडियो भेजने का आरोपी,विदेश से आते ही पुलिस ने दबोचा - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया BREAKING : लुकआउट सर्कुलर के बाद एयरपोर्ट से पकड़ा गया अश्लील फोटो-वीडियो भेजने का आरोपी,विदेश से आते ही पुलिस ने दबोचा


     


    • युवती पर शादी का दबाव बनाने और परिजनों को धमकी देने का आरोप, 
    • एक साल से था वांछित आरोपी
    • शादी का दबाव, अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी 


    बांसडीह,बलिया। युवती को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परेशान करने, शादी के लिए दबाव बनाने और अश्लील फोटो-वीडियो उसके परिजनों के मोबाइल पर भेजने के मामले में करीब एक साल से वांछित आरोपी को बांसडीह पुलिस ने महाराष्ट्र के एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ मनियर थाने में बीएनएस, आईटी एक्ट और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज था। पुलिस ने रविवार को विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।

    पुलिस के अनुसार मनियर उत्तर टोला वार्ड नंबर 11 छावनी मोहल्ला निवासी अजय कुमार उपाध्याय (23) के खिलाफ नौ मई 2025 को एक महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला ने तहरीर में आरोप लगाया था कि आरोपी पिछले चार-पांच महीने से उसकी करीब 19 वर्षीय पुत्री को अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह युवती के अश्लील फोटो और वीडियो उसके भाई समेत परिवार के अन्य सदस्यों के व्हाट्सऐप पर भेज रहा था।

    तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया था कि आरोपी युवती पर शादी करने का दबाव बना रहा था। मना करने पर उसके फोटो-वीडियो इधर-उधर पोस्ट करने और परिवार की जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देता था। महिला ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की थी।

    मामले में पुलिस ने शुरुआत में धारा 351(2) बीएनएस और 67ए आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के दौरान धारा 64(1), 352 बीएनएस तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट की बढ़ोतरी की गई। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गैर जमानती वारंट (NBW) जारी हुआ। इसके साथ ही बीएनएसएस की धारा 84 के तहत कार्रवाई की गई, लेकिन आरोपी गिरफ्त में नहीं आया। इसके बाद उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कराया गया।

    इसी बीच 10 सितंबर को इमीग्रेशन अधिकारी सागर अशोक गायकवाड़ राठी, खारघर की ओर से पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी को एयरपोर्ट पर अभिरक्षा में लिया गया है। सूचना मिलते ही बांसडीह थाने के निरीक्षक अपराध अरुण कुमार सिंह आरक्षी अमरान अली के साथ महाराष्ट्र के बृहन्मुंबई शहर स्थित सहार थाना पहुंचे और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

    पुलिस टीम आरोपी को लेकर रविवार को कोतवाली बांसडीह पहुंची। यहां आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया।