बलिया: सिपाही पारितोष की मौत का खुला राज, पीएम रिपोर्ट में दम घुटने की पुष्टि
- पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दम घुटने से सिपाही की मौत की पुष्टि
- छाता क्रासिंग के पास गड्ढे में मिला था शव, शरीर पर नहीं मिले गंभीर चोट के निशान
बांसडीह (बलिया)। स्थानीय कोतवाली में तैनात रहे आरक्षी पारितोष मिश्रा की मौत का कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो गया है। रिपोर्ट के अनुसार उनकी मौत दम घुटने से हुई है। रिपोर्ट सामने आने के बाद सिपाही की मौत को लेकर चल रही विभिन्न अटकलों पर काफी हद तक विराम लग गया है।
बता दें कि बीते सोमवार सुबह बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के छाता रेलवे क्रासिंग के पास एक गहरे गड्ढे में बांसडीह कोतवाली में तैनात आरक्षी पारितोष मिश्रा का शव बरामद हुआ था। शव मिलने के बाद पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। घटना को लेकर लोगों में मौत के कारण को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं थीं।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। रिपोर्ट में शरीर पर किसी अन्य गंभीर चोट के निशान नहीं मिलने की बात भी सामने आई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट को जांच का हिस्सा बना लिया है।फिलहाल पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
