बलिया : बाढ़ में स्कूल में रखा था चावल, ताला तोड़कर छह बोरी ले उड़े चोर; 24 घंटे में खुलासा - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : बाढ़ में स्कूल में रखा था चावल, ताला तोड़कर छह बोरी ले उड़े चोर; 24 घंटे में खुलासा

     


     


    • तीन बाल अपचारी समेत चार पकड़े गए, घर से एक बोरी समेत छह बोरी चावल बरामद
    • मध्याह्न भोजन के तीन कुंतल चावल चोरी का 24 घंटे में खुलासा


    बांसडीह (बलिया)। शिक्षा क्षेत्र मनियर के कन्या प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर में कमरे का ताला तोड़कर मध्याह्न भोजन के लिए रखा छह बोरी यानी तीन कुंतल चावल चोरी करने के मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने घटना में शामिल तीन बाल अपचारियों को अभिरक्षा में लेने के साथ चोरी का चावल खरीदने के आरोप में मुड़ियारी निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर चोरी की सभी छह बोरियां बरामद कर ली गई हैं।


    कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 15 सितंबर को कन्या प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर के प्रभारी प्रधानाध्यापक ने थाने में तहरीर देकर बताया कि 13 सितंबर को कन्या प्राथमिक विद्यालय के लिए 7.50 कुंतल (15 बोरी) और प्राथमिक विद्यालय बाजार टोला सुल्तानपुर का 2.50 कुंतल (पांच बोरी) चावल मिला था। बाढ़ के कारण बाजार टोला विद्यालय के परिसर में पानी भरा होने से वहां का राशन भी कन्या प्राथमिक विद्यालय में ही रखा गया था। 15 सितंबर की सुबह करीब 7:30 बजे विद्यालय खुलने पर कमरे का ताला टूटा मिला। जांच करने पर तीन कुंतल यानी छह बोरी चावल गायब मिला। सूचना पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा संख्या 288/2026, धारा 305(E)/331(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज कर चोरी के माल और आरोपियों की तलाश शुरू की।

    सुल्तानपुर चट्टी के पास पकड़े गए तीन बाल अपचारी

    पुलिस के मुताबिक 16 सितंबर को उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मामले की जांच में जुटे थे। इसी दौरान तीन बाल अपचारियों को सुल्तानपुर चट्टी से कुछ आगे पुलिस अभिरक्षा में लिया गया। उनके कब्जे से पांच बोरी चावल बरामद हुआ। बाल अपचारियों के बयान और निशानदेही पर घटना में शामिल राहुल गुप्ता पुत्र दशरथ प्रसाद निवासी मुड़ियारी, थाना मनियर, के घर से चोरी की एक बोरी चावल बरामद की गई। इसके बाद राहुल गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(4) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

    कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि बाल अपचारियों और गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय भेज दिया गया।

    गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक सौरभ श्रीवास्तव, कांस्टेबल आनंद कुमार, कांस्टेबल विशाल गुप्ता, कांस्टेबल दीपक निषाद और कांस्टेबल हरिश्चन्द्र, थाना बांसडीह।