बलिया : बांसडीह में जनगणना प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ, 40 सवालों से जुटेगी जानकारी
- बांसडीह में जनगणना प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ,
- 40 सवालों से जुटेगी जानकारी
- 26 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रगणकों और सुपरवाइजरों को मिलेगा प्रशिक्षण,
- एक दिसंबर से घर-घर होगी गणना
बांसडीह (बलिया)। बांसडीह इंटर कॉलेज के सभागार में सोमवार को जनगणना चरण-2 के प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ एसडीएम एवं उप जनगणना अधिकारी डॉ. पुष्कर मिश्रा ने विधिवत किया। इस दौरान उन्होंने जनगणना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए निर्धारित समयसीमा के भीतर प्रशिक्षण और गणना की प्रक्रिया पूरी करने पर जोर दिया।
एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा ने बताया कि 26 अक्टूबर से 14 नवंबर तक प्रगणकों और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद 16 से 30 नवंबर तक स्व-गणना की प्रक्रिया चलेगी, जिसके तहत लोग स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। वहीं, एक दिसंबर से चार जनवरी तक जनगणना के दूसरे चरण में घर-घर जाकर व्यक्तियों की गणना की जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस चरण में प्रत्येक व्यक्ति से कुल 40 प्रश्न पूछे जाएंगे। इनके माध्यम से आवश्यक जानकारियां एकत्र की जाएंगी। जनगणना कार्य को व्यवस्थित, पारदर्शी और त्रुटिरहित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों और सुपरवाइजरों को उनकी जिम्मेदारियों एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी जाएगी।
प्रशिक्षण शिविर में चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार नितिन कुमार सिंह, सहायक चार्ज अधिकारी एवं नायब तहसीलदार रजनीश, सहायक चार्ज अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी अनूप त्रिपाठी सहित तहसील के राजस्वकर्मी और शिक्षक मौजूद रहे।

