बलिया : मिश्रवलिया में कल से दो दिवसीय ‘बलिया फोक फेस्टिवल’, जुटेंगे नामचीन कवि और कलाकार - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : मिश्रवलिया में कल से दो दिवसीय ‘बलिया फोक फेस्टिवल’, जुटेंगे नामचीन कवि और कलाकार

     


    भोजपुरी लोक संस्कृति, साहित्य और संगीत का सजेगा संगम, गांव की प्रतिभाओं को मिलेगा मंच

    बांसडीह (बलिया)। भोजपुरी लोक संगीत, साहित्य और संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ सांस्कृतिक भड़ैती और अपसंस्कृति के विरोध के उद्देश्य से मिश्रवलिया में दो दिवसीय गांव का कला-साहित्य उत्सव ‘बलिया फोक फेस्टिवल’ का आयोजन किया गया है। लोकरस सांस्कृतिक संस्थान, मिश्रवलिया के तत्वावधान में 10 और 11 अक्टूबर को मिश्रवलिया मैरीटार चौराहे पर आयोजित इस उत्सव में साहित्यिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए लोक परंपराओं की छटा बिखरेगी। इसमें कई कवि, लोकगायक और कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे।


    कार्यक्रम के आयोजक लोकगायक शैलेन्द्र मिश्र और सत्येन्द्र पाण्डेय ने बताया कि उत्सव के पहले दिन 10 अक्टूबर को शाम पांच बजे से साहित्यिक समागम के तहत कवि सम्मेलन आयोजित होगा। इसमें डॉ. जौहर शाफियावादी, डॉ. कमलेश राय, शिवजी पाण्डेय ‘रसराज’, शशि प्रेमदेव, हृदयानंद विशाल, मुक्तेश्वर परासर, मेधा सिंह, डॉ. कादम्बिनी सिंह और प्रतिभा यादव काव्य पाठ करेंगी।

    वहीं, दूसरे दिन 11 अक्टूबर को शाम पांच बजे से सांस्कृतिक समागम का आयोजन होगा। इसमें प्रभाकर पाण्डेय, संस्कृति पाण्डेय, गायत्री यादव, पुष्कर अनुपमेय, बंटी वर्मा, सुधांशु पाण्डेय, काशी ठाकुर, शांभवी उपाध्याय और हरिकेश प्रकाश अपनी टीम के साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अतिरिक्त संकल्प बलिया के कलाकार रंगमंचीय प्रस्तुति के माध्यम से दर्शकों को कला और नाट्य की दुनिया से रूबरू कराएंगे।

    कार्यक्रम का मंच संचालन सुनील कुमार यादव और राजनंदनी करेंगी। आयोजकों के अनुसार, इस उत्सव का मुख्य उद्देश्य भोजपुरी लोक परंपराओं को प्रोत्साहित करना, स्थानीय कला-साहित्य को नई पहचान दिलाना और गांव की प्रतिभाओं को उचित मंच उपलब्ध कराना है।

    उत्सव की तैयारियों में लोकगायक शैलेन्द्र मिश्र और सत्येन्द्र पाण्डेय के साथ आशुतोष यादव, मुकेश चंचल सहित अन्य सहयोगी जुटे हुए हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन लोक संस्कृति और साहित्य में रुचि रखने वाले लोगों के लिए खास आकर्षण का केंद्र बनेगा।