बलिया :छात्रा से छेड़खानी का विरोध करने पर घर में घुसकर महिला से मारपीट
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में स्कूली छात्रा से कथित छेड़खानी का विरोध करना उसके परिवार को भारी पड़ गया। आरोप है कि आधा दर्जन युवक रात में महिला के दरवाजे पर पहुंच गए और गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान महिला की साड़ी खींचने से उसका ब्लाउज भी फट गया। आरोपितों ने महिला और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि गांव के ही कुछ युवक पिछले करीब दो महीने से उसकी पुत्री के स्कूल आने-जाने के दौरान अश्लील टिप्पणियां कर उसे परेशान कर रहे थे। बुधवार को पुत्री रोते हुए घर पहुंची और परिजनों को पूरी बात बताई।
आरोप है कि इसी बात को लेकर 28 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे आरोपी उसके दरवाजे पर पहुंच गए। गाली-गलौज करते हुए घर में घुस आए और महिला के साथ मारपीट करने लगे। इस दौरान एक आरोपी ने उसकी साड़ी खींच दी, जिससे ब्लाउज भी फट गया। महिला के अनुसार, उस समय घर पर उसके पति मौजूद नहीं थे। शोर सुनकर बच्चे बाहर निकले तो आसपास के लोग जुटने लगे। इसी बीच बांसडीह से घर पहुंचे पति ने बीच-बचाव किया तो आरोपितों ने उनके साथ भी मारपीट की।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपितों ने पहले भी मारपीट करने और पुलिस में शिकायत करने पर झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी थी। रात होने के कारण वह तत्काल थाने नहीं पहुंच सकी। अगले दिन 29 अक्टूबर को उसने कोतवाली में लिखित शिकायत दी। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
