बलिया : गांव से स्कूल तक महिला सुरक्षा पर नजर, मिशन शक्ति टीम को सक्रिय करने के निर्देश - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    बलिया : गांव से स्कूल तक महिला सुरक्षा पर नजर, मिशन शक्ति टीम को सक्रिय करने के निर्देश

    • महिला सुरक्षा को लेकर मिशन शक्ति टीम की समीक्षा, एएसपी ने दिए कड़े निर्देश
    • बीट बुक अपडेट रखने, गांव-स्कूलों में नियमित भ्रमण और शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश

    Read Also - बलिया : एडीजी के निर्देश पर पारिवारिक विवाद सुलझाने की पहल, दो घंटे की बैठक बेनतीजा

    बलिया। महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण को लेकर शनिवार को पुलिस कार्यालय के सभागार में मिशन शक्ति टीम के प्रभारी एवं महिला बीट पुलिसकर्मियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला ने मिशन शक्ति फेज-5 (द्वितीय चरण) के तहत चल रहे जागरूकता कार्यक्रमों की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

    बैठक का मुख्य उद्देश्य महिला बीट प्रणाली को और अधिक सक्रिय एवं प्रभावी बनाते हुए महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना रहा। एएसपी ने महिला बीट पुलिसकर्मियों की बीट बुक का अवलोकन करते हुए निर्देश दिया कि क्षेत्र की छोटी-बड़ी सूचनाओं, गणमान्य लोगों के संपर्क नंबर और संदिग्ध गतिविधियों से संबंधित जानकारी को नियमित रूप से दर्ज किया जाए। इसमें लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

    उन्होंने महिला बीट कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों के गांवों, कस्बों और स्कूल-कॉलेजों में नियमित भ्रमण कर महिलाओं, बालिकाओं और गृहणियों से सीधा संवाद स्थापित करने को कहा। उनकी समस्याओं को सुनकर संबंधित थानों के माध्यम से त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

    एएसपी ने छेड़खानी, घरेलू हिंसा और महिलाओं के उत्पीड़न से संबंधित शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

    बैठक में मिशन शक्ति टीमों को 1090 वीमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 181 महिला हेल्पलाइन और 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित महिला सुरक्षा से संबंधित सेवाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए, ताकि जरूरत पड़ने पर महिलाएं बिना झिझक सहायता प्राप्त कर सकें। बैठक के अंत में एएसपी उत्तरी ने मिशन शक्ति प्रभारियों एवं महिला बीट पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं भी सुनीं तथा उनके निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।