बलिया : मुलायम सिंह यादव की जयंती पर 501 जरूरतमंद महिलाओं को बांटी गई साड़ी
पूर्व मुख्यमंत्री की 87वीं जयंती पर कार्यक्रम आयोजित, स्व. स्वर्णप्रभा सिंह की पुण्यतिथि भी मनाई गई
बांसडीह (बलिया)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं समाजवादी पार्टी के संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव की 87वीं जयंती पर रविवार को नारायनपुर स्थित बीएन इंटरनेशनल स्कूल में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत सहतवार की पूर्व चेयरमैन स्व. स्वर्णप्रभा सिंह की पुण्यतिथि भी मनाई गई। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने दोनों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर नगर पंचायत सहतवार की चेयरमैन सरिता सिंह एवं नीरज सिंह गुड्डू ने 501 जरूरतमंद महिलाओं को साड़ी वितरित की।
कार्यक्रम में सपा कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को केक खिलाकर मुलायम सिंह यादव अमर रहें के नारे लगाए। सपा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर ने कहा कि मुलायम सिंह यादव सभी जाति और धर्म के लोगों का सम्मान करते थे। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान हित और महिला सशक्तीकरण सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से प्रदेश में चलाए जा रहे पीडीए कार्यक्रम को आम लोगों के हित में बताया।
नीरज सिंह गुड्डू ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने सभी वर्गों का सम्मान करते हुए प्रदेश में विकास की लंबी श्रृंखला खड़ी की। उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। इस मौके पर श्याम बहादुर सिंह, चेयरमैन सरिता सिंह, सीमा राजभर, फागू यादव, संदीप सिंह सैंडी, फतीगन सिंह, हीरालाल वर्मा, रामदेव यादव, वीरेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, भूपेंद्र यादव, ध्रुव सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


