Ballia Breaking : बांसडीह में मकान की छत ढलाई के दौरान हादसा, मजदूर की मौत; युवती गंभीर - Ballia Breaking

  • Ballia Breaking

    Ballia Breaking : बांसडीह में मकान की छत ढलाई के दौरान हादसा, मजदूर की मौत; युवती गंभीर

     


    • छत पर रखी निर्माण सामग्री के वजन से पड़ोसी की छत ढही, 
    • मलबे में दबे दो लोग; तीन मजदूर सुरक्षित


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह कोतवाली क्षेत्र के गोड़धप्पा गांव में सोमवार को मकान की छत ढलाई की तैयारी के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री के वजन से बगल के मकान की छत अचानक ढह गई। मलबे में दबकर 50 वर्षीय मजदूर जयराम पटेल की मौत हो गई, जबकि 22 वर्षीय किरन तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी विजय शंकर तिवारी के मकान की छत की ढलाई होनी थी। इसके लिए बालू, गिट्टी और अन्य निर्माण सामग्री बगल की छत पर रखी गई थी। सोमवार को अचानक छत भरभराकर गिर गई। इसकी चपेट में आने से जयराम पटेल और किरन तिवारी मलबे में दब गए।


    घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की भयावहता देख मकान निर्माण में लगे मजदूर मौके से भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे दोनों लोगों को बाहर निकालकर तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जयराम पटेल को मृत घोषित कर दिया। किरन तिवारी का उपचार जारी है।


    एसडीएम डॉ. पुष्कर मिश्रा और क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर प्रशासन ने जेसीबी लगाकर मलबा हटवाया और उसमें अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका को देखते हुए खोजबीन कराई। प्रशासनिक अमला देर तक मौके पर जुटा रहा। हादसे के समय मौजूद तीन अन्य मजदूर सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया। क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र ने बताया कि हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि घायल युवती का उपचार चल रहा है। मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।



    मलबे में अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका से मची हलचल

    छत ढहने के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे के दौरान मकान निर्माण में लगे मजदूर मौके से भाग खड़े हुए। मलबे में अन्य मजदूरों के दबे होने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल जेसीबी लगाकर मलबा हटवाया और खोजबीन कराई। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी देर तक घटनास्थल पर डटे रहे। राहत की बात रही कि हादसे के समय मौजूद तीन अन्य मजदूर सुरक्षित अपने घर पहुंच गए थे।