बलिया : बांसडीह के आदर में राम नाम की धूम,सात दिवसीय श्री हनुमत प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ प्रारंभ
बांसडीह,बलिया। स्थानीय तहसील क्षेत्र के आदर गांव स्थित प्रसिद्ध श्री भंजनेश्वर महादेव मंदिर में सात दिवसीय हनुमत प्राण प्रतिष्ठा सह रुद्र महायज्ञ महोत्सव का आयोजन प्रारंभ है। गुरुवार को भगवान हनुमान की मूर्ति का नगर भ्रमण कराया गया। शुक्रवार को वैदिक विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न होगी।
हनुमान जी की शोभा यात्रा के दौरान गांव की महिलाओं ने मंगलगीत गाए और हनुमानजी की आरती उतारी, पुरुष श्रद्धालुओं ने जयकारे लगाए। स्थानीय लोगों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभा यात्रा का अभिनंदन किया। इससे पहले बीते सोमवार से ही मंदिर परिसर में प्राण प्रतिष्ठा और रुद्र महायज्ञ प्रारंभ हो चुका है। यज्ञ में आए आचार्य वेद मंत्रों का उच्चारण कर हवन-पूजन और दी जा रही आहुतियों से वातावरण भक्तिमय हो गया है। क्षेत्र के सभी स्थानों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यज्ञ में शामिल होकर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
इस महायज्ञ के आयोजन कर्ता मृत्युंजय कुमार सिंह ने बताया कि प्राण प्रतिष्ठा के बाद महाप्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन आगामी 24 फरवरी को किया जाएगा। प्रतिदिन दोपहर में अयोध्या से आए अवधेश जी महाराज और आनंद भूषण जी महाराज द्वारा संगीतमय श्रीराम कथा और शाम को भजन-कीर्तन के कार्यक्रम भी हो रहे हैं, जिनमें दूर-दराज से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।इन दिनों पूरा बांसडीह क्षेत्र भक्ति, आस्था और वैदिक परंपरा से ओत-प्रोत है। हनुमत प्राण प्रतिष्ठा एवं सह रुद्र महायज्ञ को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
आयोजक समिति में मुख्य रूप से गोपाल जी शुक्ला,लल्लन वर्मा, धनंजय प्रताप सिंह,राम प्रकाश सिंह सहित अन्य क्षेत्रवासी इस महायज्ञ को सफल बनाने के लिए तन मन धन से लगे हुए हैं।


