बलिया : बांसडीह में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, ठाकुर बैजनाथ सिंह को किया गया याद - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : बांसडीह में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, ठाकुर बैजनाथ सिंह को किया गया याद

     


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह के प्रथम विधायक, आदर्श नगर पंचायत के आजीवन चेयरमैन एवं बांसडीह इंटर कॉलेज के संस्थापक ठाकुर बैजनाथ सिंह की 38वीं पुण्यतिथि पर सोमवार को बांसडीह इंटर कालेज के सभागार में एक सादे समारोह में आयोजित किया गया।


    श्रद्धांजलि कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न समाजसेवियों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके तैलचित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सहकारी बैंक के पूर्व चेयरमैन अशोक पाठक और विशिष्ट अतिथि विधायक प्रतिनिधि विश्राम सिंह द्वारा संयुक्त रूप से ठाकुर बैजनाथ सिंह के तैलचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित एवं पुष्प अर्पित कर किया गया।


    मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में ठाकुर बैजनाथ सिंह को बांसडीह की अमूल्य धरोहर बताते हुए कहा कि उनके पदचिह्नों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।श्रद्धांजलि सभा में छाता इंटर कालेज के प्रधानाचार्य छीतेश्वर मिश्रा ने कहा कि क्षेत्रवासियों की शिक्षा के लिए बांसडीह इंटर कॉलेज की स्थापना कर उन्होंने एक गौरवशाली इतिहास रचा, मैं खुद इस गौरवशाली इंटर कालेज का पूर्व छात्र हूं, शिक्षा के क्षेत्र में उनके द्वारा की गई यह उपलब्धियां जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता।


     उन्होंने अपना पूरा जीवन समाज सेवा और शिक्षा के प्रसार के लिए समर्पित कर दिया।वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण कुमार सिंह ने कहा कि ठाकुर बैजनाथ सिंह ने जनहित में अनेक कार्य किए।


     किसानों के लिए सुराहा ताल पंप कैनाल से नहरों का जाल बिछाकर कृषि को आसान बनाया और क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया, जिसकी छाप आज भी दिखाई देती है।उन्होंने सुराहा ताल पंप कैनाल को ठाकुर बैजनाथ सिंह के नाम पर नामकरण करने की मांग की।


     कार्यक्रम में अंशुमान सिंह, भगवती प्रसाद सिंह,डॉ अरुण कुमार सिंह,दिप्तमान सिंह, प्रतुल ओझा, गोविंद पाण्डेय,पिंटू सिंह,संजय पाण्डेय,अवनीश मिश्रा सिंटू, अनिकेत, जयदीप सिंह, नितेश कुमार पांडेय सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राचार्य अनिल कुमार पाण्डेय,और अतिथियों का आभार विद्यालय के प्रबंधक एवं पूर्व चेयरमैन संजय सिंह ने प्रकट किया।

    READ ALSO - बलिया : “नौ साल प्रदेश बेहाल” : बांसडीह तहसील पर कांग्रेस का विशाल धरना, 14 सूत्रीय मांगों से सरकार को घेरा

     श्रद्धांजलि सभा में निधि पाण्डेय को मिली बधाई


    फोटो - 

    बांसडीह (बलिया)। आयोजित श्रद्धांजलि सभा में वक्ताओं ने अपने संबोधन के दौरान विभिन्न विषयों पर विचार व्यक्त किए। इस दौरान वक्ताओं में कहा कि बांसडीह इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य अनिल कुमार पाण्डेय की पुत्री निधि पाण्डेय ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की परीक्षा उत्तीर्ण कर सीटीओ पद पर चयनित होकर क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।

    सभा में उपस्थित अतिथियों और वक्ताओं ने निधि पाण्डेय को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही कहा कि उनकी सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है।


     श्रद्धांजलि सभा में लोकगीतों के माध्यम से दी गई भावभीनी श्रद्धांजलि


    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह इंटर कॉलेज के संस्थापक ठाकुर बैजनाथ सिंह की श्रद्धांजलि सभा में लोकगीत गायक छोटू राय ‘चुनमुन’ ने अपने गायन के माध्यम से भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की।उन्होंने अपनी गायकी के जरिए ठाकुर बैजनाथ सिंह के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर विस्तृत प्रकाश डाला। लोकगीतों के माध्यम से उनके समाजसेवा, शिक्षा के क्षेत्र में योगदान और संघर्षपूर्ण जीवन को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।

    कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने उनके गीतों को भावविभोर होकर सुना। छोटू राय ‘चुनमुन’ के गायन ने पूरे माहौल को भावुक बना दिया और श्रद्धांजलि सभा में एक अलग ही संवेदनात्मक वातावरण उत्पन्न कर दिया।