बलिया : “नौ साल प्रदेश बेहाल” : बांसडीह तहसील पर कांग्रेस का विशाल धरना, 14 सूत्रीय मांगों से सरकार को घेरा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ तीखा विरोध दर्ज कराते हुए क्षेत्र की जनसमस्याओं और तहसील स्तर पर व्याप्त कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया। नारेबाजी के बीच कार्यकर्ताओं ने बांसडीह विधानसभा सीट संख्या 362 के लिए 14 सूत्रीय घोषणापत्र जारी किया और उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी को मांगपत्र सौंपकर समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।
फोटो - कार्यक्रम स्थल पर लगी भीड़कांग्रेस द्वारा प्रस्तुत मांगों में खाद्य आपूर्ति योजना की बहाली, रसरा की बंद चीनी मिल और स्पिनिंग मिल को चालू करना, सुरहा ताल को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करना, गांवों के तालाबों का जीर्णोद्धार, स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, बेहतर परिवहन सुविधा, किसानों के लिए खरीद केंद्र, बाढ़ सुरक्षा के लिए तटबंध मजबूत करना, शिक्षा के आधुनिकीकरण और सड़क सुधार जैसे मुद्दे प्रमुख रहे।
वक्ताओं ने कहा कि क्षेत्र की मूलभूत समस्याएं लंबे समय से अनदेखी का शिकार हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि प्रशासन और सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो आंदोलन को और व्यापक और तेज किया जाएगा।कार्यक्रम में शिवजी पाठक, पद्मदेव पाठक, सचिदानंद तिवारी,बिजेंद्र पाण्डेय,रामराज वर्मा,रामरेखा, मिंटू,उमाशंकर पाठक सहित हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भारी संख्या पुलिस बल मौजूद रहा।



