बलिया : अस्पताल का नाम बदला, सेवाओं को लेकर उठी आशंका - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : अस्पताल का नाम बदला, सेवाओं को लेकर उठी आशंका

     

    फोटो - नए नाम अंकित के बाद बांसडीह अस्पताल

    बांसडीह (बलिया)। बांसडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नाम में बदलाव कर उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के रूप में अंकित किए जाने से क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। स्थानीय लोगों में आशंका जताई जा रही है कि कहीं इस बदलाव से अस्पताल में मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं में कमी न आ जाए।


    फोटो - अस्पताल पर अंकित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 

    बुधवार को अस्पताल परिसर में लगे बोर्ड से “सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र” शब्द हटाकर “प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र” लिखे जाने के बाद यह मामला चर्चा में आया। लोगों का कहना है कि यदि केंद्र का दर्जा कम किया गया है, तो इसका असर मरीजों को मिलने वाली सेवाओं पर पड़ सकता है। हालांकि, इस संबंध में अस्पताल के अधीक्षक डॉ. प्रणय कुणाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया कि यह केंद्र शुरू से ही प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र था। किसी कारणवश पहले गलत तरीके से इसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अंकित कर दिया गया था। हाल ही में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से प्राप्त निर्देश के बाद नाम में सुधार किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि अस्पताल में पहले की तरह ही सभी स्वास्थ्य सेवाएं जारी रहेंगी और मरीजों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होगी।

    इधर, क्षेत्र के अगउर में पहले से स्थापित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का मुद्दा भी चर्चा में है। यहां वर्षों से 50 बेड का अस्पताल भवन तैयार है, लेकिन अब तक उसका संचालन शुरू नहीं हो सका है। स्थानीय लोग इसको लेकर भी सवाल उठा रहे हैं कि आखिर तैयार होने के बावजूद अस्पताल चालू क्यों नहीं किया जा रहा है।फिलहाल प्रशासन का कहना है कि यह केवल नाम सुधार की प्रक्रिया है, न कि सेवाओं में किसी प्रकार की कटौती। इसके बावजूद, स्थानीय लोग स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर सतर्क नजर बनाए हुए हैं।

    PHC और CHC में अंतर समझें

    प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के बीच मुख्य अंतर उनकी क्षमता और सेवाओं में होता है। पी एच सी आमतौर पर 20 से 30 हजार की आबादी के लिए बुनियादी स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करता है, जहां सामान्य इलाज और ओपीडी सुविधाएं उपलब्ध होती हैं।

    वहीं, सीएचसी लगभग 80 हजार से 1.2 लाख की आबादी के लिए एक बड़े रेफरल केंद्र के रूप में कार्य करता है, जहां 30 बेड, विशेषज्ञ डॉक्टर (जैसे सर्जन, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ) और उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहती हैं।