बलिया : बाँसडीह में अंबेडकर जयंती शोभा यात्रा को लेकर विरोध, प्रशासन ने दिया आश्वासन
बाँसडीह (बलिया)। भारतरत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती (14 अप्रैल) पर निकलने वाली पारंपरिक शोभा यात्रा को अनुमति न मिलने के विरोध में मंगलवार को बाँसडीह उपजिलाधिकारी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने इसे बाबा साहेब के सम्मान और उनके विचारों से जुड़ा मुद्दा बताते हुए प्रशासन के प्रति नाराजगी जाहिर की।
धरना-प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्र होकर अनुमति जल्द जारी करने की मांग पर अड़े रहे। उनका कहना था कि यह केवल एक शोभा यात्रा का विषय नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय और समानता के प्रतीक बाबा साहेब के सम्मान का सवाल है।
सूचना मिलने पर उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी तथा उप प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों से वार्ता की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि शोभा यात्रा के लिए जल्द ही लिखित अनुमति आदेश जारी किया जाएगा। आश्वासन के बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ।
धरने को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव अभिजीत तिवारी सत्यम ने कहा कि डॉ. अंबेडकर देश के संविधान निर्माता हैं और उनकी जयंती हर वर्ष पूरे सम्मान के साथ मनाई जाती है। यदि शोभा यात्रा की अनुमति नहीं दी जाती, तो यह उनके सम्मान के खिलाफ होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।समाजसेवी गुड्डू भारती ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन अनुमति नहीं देता है, तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में सन्नी भारती, आकाश भारती, संजीव कुमार, रामा भारती, चंदन गुप्ता, पीयूष भारती, संजय भारती सहित कई लोग मौजूद रहे।प्रदर्शन के बाद प्रशासन के आश्वासन से लोगों में उम्मीद जगी है कि जल्द ही शोभा यात्रा को अनुमति मिल जाएगी।
