बलिया : हर घर नल योजना के कार्यों पर फूटा आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : हर घर नल योजना के कार्यों पर फूटा आक्रोश, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग



    बांसडीह (बलिया)। नगर पंचायत बांसडीह में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी हर घर नल योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों को लेकर जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। इसी क्रम में नगर पंचायत के शासन से नामित सभासदों और भाजपा कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी से मिला और जिलाधिकारी को संबोधित ज्ञापन सौंपकर संबंधित फर्म व ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।


     

    ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि नगर का मुख्य मार्ग—इंडियन बैंक से बड़ी बाजार तक जाने वाला रास्ता—नई पानी टंकी के आगे खुदाई के कारण गड्ढों में तब्दील हो गया है। इससे न केवल आवागमन बाधित हो रहा है, बल्कि स्थानीय व्यापारियों और आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।


    नामित सभासद दुर्गेश मिश्रा और तेजबहादुर रावत ने कहा कि कार्य शासन की गाइडलाइन के विपरीत हो रहा है, जो पूरी तरह जनविरोधी है और इसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि इस मामले को उच्चाधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा।

    भाजपा मंडल अध्यक्ष राकेश वर्मा ने कहा कि सरकार की छवि को धूमिल करने वाले जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं भाजपा नेता प्रतुल कुमार ओझा ने स्पष्ट किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर सड़कों को आवागमन योग्य नहीं बनाया गया और दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो स्थानीय जनता के साथ भाजपा कार्यकर्ता खुदी हुई सड़क पर ही धरने पर बैठेंगे।ज्ञापन सौंपने वालों में राजेंद्र सिंह, शिवम गुप्ता, अखिलेश तिवारी, राजेश प्रजापति, अनिल पांडेय, शनि राजभर, दीपक वर्मा सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।