बलिया :तेज रफ्तार ट्रक का ब्रेक फेल, गेहूं लदा वाहन पलटा; चालक बाल-बाल बचा
बांसडीह, बलिया:सोमवार की देर रात्रि करीब साढ़े बारह बजे बांसडीह–मैरितार मार्ग पर मिश्रौलिया मोड़ के पास एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गेहूं लदा एक अनियंत्रित ट्रक ब्रेक फेल होने के कारण सड़क किनारे पलट गया। घटना में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई।
जानकारी के अनुसार ट्रक चालक अभिनंदन गेहूं लादकर बेल्थरा रोड से हाजीपुर की ओर जा रहा था। इसी दौरान रात करीब 12:30 बजे मिश्रौलिया मोड़ के पास अचानक ट्रक का ब्रेक फेल हो गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और ट्रक सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ट्रक सड़क से उतरते हुए दो पेड़ों को उखाड़ता हुआ खेत में जा गिरा। ट्रक में लदा गेहूं खेतों में बिखर गया, जिससे काफी नुकसान होने की बात सामने आ रही है। मंगलवार सुबह जब टहलने गए लोगों ने घटनास्थल का जायजा लिया तो ट्रक की रफ्तार तेज होने के संकेत मिले। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा दिन के समय हुआ होता तो बड़ी जनहानि हो सकती थी, लेकिन रात होने के कारण कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।
