बलिया : चार्जशीट के बदले मिलने की मांग! बलिया में क्राइम इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप, ऑडियो वायरल,दो पुलिसकर्मी निलंबित - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : चार्जशीट के बदले मिलने की मांग! बलिया में क्राइम इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप, ऑडियो वायरल,दो पुलिसकर्मी निलंबित

     


    • पीड़िता ने डीआईजी व एसपी से लगाई गुहार, दो पुलिसकर्मी निलंबित, जांच अपर पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई

    बलिया: जनपद में पुलिस विभाग एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। कानून के रखवालों पर ही शोषण जैसे संगीन आरोप लगने से महकमे में हड़कंप मच गया है। उभांव थाने में तैनात एक क्राइम इंस्पेक्टर पर पीड़ित महिला ने आरोप लगाया है कि केस में चार्जशीट लगाने के बदले उससे निजी कमरे में मिलने की मांग की गई।

    बताया जा रहा है कि इस कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़िता के अनुसार, उसकी शादी वन विभाग में तैनात एक दारोगा से मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज के तहत हुई थी। आरोप है कि शादी के नाम पर करीब आठ महीने तक उसका शारीरिक शोषण किया गया। जब महिला ने कोर्ट मैरिज का दबाव बनाया तो आरोपी दारोगा ने संबंध से ही इनकार कर दिया।

    न्याय की उम्मीद में महिला ने उभांव थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया, लेकिन आरोप है कि यहां भी उसे न्याय नहीं मिला। महिला का कहना है कि मामले में चार्जशीट लगाने के लिए क्राइम इंस्पेक्टर ने फोन कर उससे अश्लील मांग रखी। मामले को और गंभीर बनाता वायरल ऑडियो, जिसमें कथित तौर पर इस मांग से जुड़ी बातचीत सुनाई दे रही है। ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की छवि पर सवाल उठने लगे हैं। पीड़िता न्याय की गुहार लेकर उच्च अधिकारियों तक पहुंच चुकी है। उसने डीआईजी आजमगढ़ और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरे मामले की शिकायत की है। अधिकारियों ने जांच कर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।अब देखना यह होगा कि इतने गंभीर आरोपों के बीच पीड़िता को न्याय मिल पाता है या मामला जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में चला जाता है।



    फोटो - अपराध निरीक्षक नरेश मलिक 


    फोटो - प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला,थाना उभांव


    बलिया पुलिस अधीक्षक डॉ ओमवीर सिंह की बड़ी कार्यवाही 

    मामला उच्चाधिकारियों के संज्ञान में आते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. ओमवीर सिंह ने 13 अप्रैल को आरोपी अपराध निरीक्षक नरेश मलिक को निलंबित कर दिया। वहीं, उभांव थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय शुक्ला को भी निलंबित करते हुए मामले की जांच अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी को सौंप दी गई है।साथ ही, दिनेश कुमार पाठक को उभांव थाने का नया प्रभारी निरीक्षक नियुक्त किया गया है।