बांसडीह-बलिया मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में चार युवक गंभीर घायल
- महाविद्यालय के पास हुई दुर्घटना, सभी घायलों को जिला अस्पताल रेफर
बांसडीह, बलिया: बांसडीह-बलिया मुख्य मार्ग पर बुधवार की देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बांसडीह महाविद्यालय से पहले करीब शाम साढ़े सात बजे उस समय हुआ, जब आमने-सामने आ रही दो मोटरसाइकिलों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ उप निरीक्षक बांक बहादुर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने सभी की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घायलों की पहचान बांसडीह पाण्डेय के पोखरा निवासी 23 वर्षीय राजू राजभर पुत्र कन्हैया राजभर, कैथवली निवासी 22 वर्षीय महेंद्र साहनी पुत्र बबन साहनी, मैरीटार निवासी 22 वर्षीय रोहित राजभर पुत्र महातम राजभर तथा 18 वर्षीय अनिल राजभर पुत्र शिवराज राजभर के रूप में हुई है।पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
