बलिया :चिकित्सक से मारपीट के विरोध में बांसडीह पीएचसी की ओपीडी ठप, आरोपी पर मुकदमे की मांग
बांसडीह, बलिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसडीह में तैनात चिकित्सक के साथ कथित गाली-गलौज और मारपीट की घटना के विरोध में शुक्रवार को चिकित्सकों और अस्पताल कर्मचारियों ने ओपीडी सेवा का बहिष्कार कर दिया। स्वास्थ्यकर्मियों ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग करते हुए विरोध जताया। हालांकि इमरजेंसी और प्रसव सेवाएं सामान्य रूप से जारी रहीं।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. नितीन कुमार सिंह के अनुसार गुरुवार रात करीब नौ बजे कस्बे के वार्ड नंबर सात निवासी सुजीत सिंह परिहार अस्पताल में अपना ब्लड प्रेशर चेक कराने पहुंचे। आरोप है कि वह चिकित्सक की कुर्सी पर बैठ गए, जिस पर वहां प्रशिक्षण ले रहे वार्ड बॉय ने उन्हें दूसरी कुर्सी पर बैठने का अनुरोध किया। इस बात पर वह नाराज हो गए और गाली-गलौज करते हुए पास में रखी मरीज की टेबल पर बैठ गए। इसी दौरान कैथवली निवासी मंजू देवी इलाज के लिए अस्पताल पहुंचीं, जिनकी हालत गंभीर बताई जा रही थी। डॉ. नितीन कुमार सिंह ने बताया कि मरीज की स्थिति को देखते हुए उन्होंने सुजीत सिंह परिहार से बगल की कुर्सी पर बैठने का आग्रह किया। आरोप है कि इसी बात पर वह भड़क गए और वार्ड बॉय तथा चिकित्सक के साथ अभद्रता करते हुए हाथापाई करने लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
घटना के बाद डॉ. नितीन कुमार सिंह ने स्थानीय कोतवाली में आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने की मांग की। मामले में अधीक्षक डॉ. प्रणय कुणाल सिंह ने बताया कि चिकित्सक के साथ मारपीट की घटना से नाराज स्वास्थ्यकर्मियों ने ओपीडी सेवा बंद कर दी है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी और डिलिवरी सेवाएं जारी हैं, लेकिन आरोपी के खिलाफ कार्रवाई होने तक विरोध जारी रहेगा।स्वास्थ्यकर्मियों ने पुलिस प्रशासन से शीघ्र मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बना हुआ है।
