गोंड समाज का फूटा गुस्सा: प्रमाण पत्र न मिलने पर बांसडीह तहसील में अनिश्चितकालीन धरना शुरू - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    गोंड समाज का फूटा गुस्सा: प्रमाण पत्र न मिलने पर बांसडीह तहसील में अनिश्चितकालीन धरना शुरू



    बांसडीह (बलिया)। गोंड जनजाति के छात्रों और युवाओं को जाति प्रमाण पत्र जारी न किए जाने से नाराज समाज के लोगों का गुस्सा गुरुवार को बांसडीह तहसील परिसर में फूट पड़ा। ऑल गोंडवाना स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आगसा) और पूर्वांचल छात्र संघर्ष समिति के बैनर तले अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया गया।

    धरनारत लोगों का आरोप है कि भारत सरकार के राष्ट्रपतीय राजपत्र और उत्तर प्रदेश शासन के 3 नवंबर 2021 के स्पष्ट दिशा-निर्देशों के बावजूद तहसील प्रशासन नियमों का पालन नहीं कर रहा है। प्रदर्शनकारियों ने बताया कि शासनादेश के अनुसार 1356 या 1359 फसली की खतौनी में “गोंड” अंकित होने की पुष्टि अभिलेखागार के मूल रिकॉर्ड से कर अनुसूचित जनजाति का प्रमाण पत्र जारी किया जाना चाहिए। वहीं भूमिहीन आवेदकों के लिए परिवार रजिस्टर, विद्यालय की टीसी और स्थानीय जांच के आधार पर भी प्रमाण पत्र दिए जाने का प्रावधान है।

    इसके बावजूद तहसील स्तर पर ऑनलाइन आवेदनों को लगातार निरस्त किया जा रहा है, जिससे गोंड समाज के छात्र-युवा छात्रवृत्ति, प्रतियोगी परीक्षाओं और सरकारी नौकरियों के अवसरों से वंचित हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों ने इसे भविष्य के साथ खिलवाड़ बताते हुए प्रशासन पर उत्पीड़न का आरोप लगाया।


    धरना स्थल पर मौजूद युवाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी कि जब तक गोंड जाति प्रमाण पत्र जारी नहीं किया जाता, तब तक उनका आंदोलन और अनशन जारी रहेगा।धरने में राजा गोंड, टिंकू गोंड, बिट्टू गोंड, गौतम गोंड, प्रिंस गोंड, पंकज गोंड, रूपेश गोंड, निहाल गोंड, विशाल गोंड, चंद्रमा गोंड, राजेंद्र गोंड सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।