बलिया :प्रेम प्रसंग में टावर पर चढ़े युवक पर केस दर्ज, पाक्सो एक्ट में मुकदमा
बांसडीह (बलिया)। कोतवाली क्षेत्र के देवड़ीह गांव में रविवार को प्रेम प्रसंग के चलते 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन टावर पर चढ़कर हंगामा करने वाले युवक मिथुन राजभर की मुश्किलें बढ़ गई हैं। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ पाक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब नौ बजे देवड़ीह गांव निवासी मिथुन राजभर गांव के पास स्थित 33 हजार वोल्ट के बिजली टावर पर चढ़ गया था। बताया जा रहा है कि वह गांव की ही एक नाबालिग किशोरी से बात कराने की जिद पर अड़ा था और नीचे कूदने की धमकी दे रहा था। युवक के टावर पर चढ़ने से गांव में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद करीब एक घंटे में युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। घटना के बाद किशोरी की मां ने युवक के खिलाफ तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ पाक्सो एक्ट व अन्य सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी मिथुन राजभर के खिलाफ सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है। किशोरी के बयान दर्ज कराने तथा अन्य वैधानिक औपचारिकताएं पूरी करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद इलाके में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हैं। वहीं, ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हरकत से न केवल उसकी जान खतरे में पड़ी, बल्कि पूरे गांव में दहशत का माहौल बन गया था।
