बलिया : मूट कोर्ट प्रतियोगिता में बांसडीह के सत्यवीर सिंह बने विजेता, क्षेत्र का नाम किया रोशन
मूट कोर्ट प्रतियोगिता में बांसडीह के सत्यवीर सिंह बने विजेता, क्षेत्र का नाम किया रोशन
बांसडीह, बलिया। नगर पंचायत वार्ड नंबर 5 निवासी कोटेदार अरुण कुमार सिंह के छोटे पुत्र सत्यवीर सिंह ने राष्ट्रीय स्तर पर बांसडीह का नाम रोशन किया है। उन्होंने 6वीं थेमिस मूट कोर्ट प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया।
सत्यवीर सिंह ने राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय जोधपुर का प्रतिनिधित्व करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने इसे बांसडीह के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 1 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि न्यायमूर्ति यू.यू. ललित द्वारा पुणे में प्रदान की गई। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का निर्णय न्यायमूर्ति असीम कुमार रॉय समेत अन्य निर्णायकों ने किया।
प्रतियोगिता में प्रतिभागियों की वकालत कौशल—जैसे कानूनी तर्क प्रस्तुत करना, शोध क्षमता, न्यायालय शिष्टाचार और प्रभावशाली अभिव्यक्ति—की कड़ी परीक्षा ली गई। देशभर से आई 30 टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिली। हालांकि सभी प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, लेकिन सत्यवीर सिंह की टीम ने असाधारण दक्षता और प्रभावशाली प्रस्तुति से सभी को प्रभावित करते हुए जीत दर्ज की।
सत्यवीर सिंह को बधाई देने वालों में नगर पंचायत अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, संतोष कुमार गुप्ता, धीरेन्द्र बहादुर सिंह, विजय गुल्लर, अनमोल गुप्ता सहित कई गणमान्य लोग शामिल रहे। सभी ने उनकी इस उपलब्धि को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया।

