यूपी में योगी कैबिनेट विस्तार की चर्चा तेज, 10 मई को छह नए मंत्री ले सकते हैं शपथ
लखनऊ/बांसडीह। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बड़े बदलाव की सुगबुगाहट तेज हो गई है। सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मंत्रिमंडल का विस्तार 10 मई को हो सकता है। बताया जा रहा है कि इस बार कैबिनेट में कुल छह नए चेहरों को शामिल किया जा सकता है।
सूत्रों के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज शाम 6 राज्यपाल आनंदी बेन से मुलाकात करने पहुंचे हैं। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को प्रस्तावित मंत्रिमंडल विस्तार से जोड़कर देखा जा रहा है।वर्तमान में उत्तर प्रदेश सरकार में कुल 54 मंत्री हैं, जिनमें 21 कैबिनेट मंत्री, 14 राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) और 19 राज्य मंत्री शामिल हैं। संवैधानिक प्रावधानों के अनुसार 403 सदस्यीय विधानसभा वाले उत्तर प्रदेश में अधिकतम 60 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में अभी छह पद खाली हैं, जिन पर नए चेहरों को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
संभावित नामों में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी बांसडीह विधायक केतकी सिंह, श्रीकांत शर्मा,आशा मौर्य,सपा से बगावत कर भाजपा के करीब आईं पूजा पाल, मनोज पाण्डेय,कृष्णा पासवान और अशोक कटारिया समेत कई नेताओं के नाम चर्चा में हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आगामी चुनावी रणनीति, क्षेत्रीय और जातीय संतुलन को ध्यान में रखते हुए भाजपा संगठन और सरकार दोनों स्तर पर नए समीकरण साधने की तैयारी में है। पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने और बिहार में सम्राट चौधरी कैबिनेट विस्तार के बाद उत्तर प्रदेश में होने वाला यह संभावित फेरबदल राजनीतिक दृष्टि से काफी अहम माना जा रहा है।
हालांकि, अभी तक सरकार या भाजपा संगठन की ओर से मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
