बलिया : भाई की मौत, दूल्हा घायल… फिर भी निभी शादी की रस्म, नम आंखों के बीच भरी गई मांग - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : भाई की मौत, दूल्हा घायल… फिर भी निभी शादी की रस्म, नम आंखों के बीच भरी गई मांग

     


    बांसडीह (बलिया): पकड़ी क्षेत्र के भीटिया गांव निवासी अंकित पांडेय की शादी बांसडीह के मझवां वार्ड नंबर-9 निवासी तेगा तिवारी की पुत्री प्रमिला के साथ तय थी। शुक्रवार को बारात जानी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, मंगल गीत गाए जा रहे थे और खुशियों का माहौल था।


    फोटो - घायल दूल्हा 

    इसी बीच अंकित अपने छोटे भाई सर्वजीत पांडेय के साथ बाइक से पास की चट्टी पर दाढ़ी बनवाने गए थे। लौटते समय एक अनियंत्रित स्कूल बस ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान छोटे भाई सर्वजीत की मौत हो गई, जबकि दूल्हे अंकित की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।

    जैसे ही सर्वजीत की मौत की खबर घर पहुंची, शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हर तरफ चीख-पुकार मच गई। ऐसी स्थिति में परिवार और शुभचिंतकों के सामने बड़ा सवाल था कि अब शादी हो या नहीं। काफी विचार-विमर्श के बाद तय हुआ कि विपरीत परिस्थितियों के बावजूद विवाह की रस्म पूरी की जाएगी।

    डॉक्टरों से विशेष अनुमति मिलने के बाद गंभीर रूप से घायल अंकित को अर्टिगा वाहन से मझवां लाया गया। वह न चल पाने की स्थिति में था और स्ट्रेचर के सहारे गाड़ी में ही मौजूद रहा। वहीं पुरोहितों ने मंत्रोच्चार कराया और अंकित ने कांपते हाथों से प्रमिला की मांग में सिंदूर भरा।

    जिस समय सिंदूरदान की रस्म पूरी हो रही थी, वहां मौजूद लोगों की आंखें नम थीं। शादी के इस बेहद भावुक दृश्य ने हर किसी को भीतर तक झकझोर दिया। खुशियों के बीच ऐसा दुखद पल पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।