बलिया : घर में घुसकर दबंगों का हमला, पिता-पुत्र समेत चार घायल; 14 नामजद पर मुकदमा दर्ज
बांसडीह (बलिया): कोतवाली थाना क्षेत्र के राजागांव खरौनी में रविवार को दबंगों ने रंजिश को लेकर एक परिवार पर कहर बरपाया। लाठी डंडा, पिस्टल और धारदार हथियारों से लैस करीब 14 लोगों ने घर में घुसकर न केवल मारपीट की, बल्कि जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की कोशिश भी की। इस हमले में पिता पुत्र समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर 14 नामजद आरोपितों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।राजागांव खरौनी निवासी रवि कुमार गोड़ ने पुलिस को बताया कि रविवार को गांव के ही विरेन्द्र यादव, बनारसी, अजय, चुन्नु समेत 14 लोग गोल बनाकर उनके घर पर धावा बोल दिया। आरोप है कि हमलावर अपने साथ लाठी डंडा, पिस्टल, भाला और चाकू लेकर आए थे। घर में घुसते ही आरोपितों ने गाली गलौज शुरू कर दी और परिवार के सदस्यों को जातिसूचक अपशब्द कहे। विरोध करने पर हमलावरों ने जान से मारने की नीयत से उन्हें पटक पटक कर पीटना शुरू कर दिया।इस खूनी संघर्ष में रविकुमार का सिर फट गया, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। हमले में उसके पिता मोतीलाल का हाथ टूट गया है। बीच बचाव करने पहुंची माता कान्ती देवी और जवाहिर गोड़ को भी हमलावरों ने बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया। शोर सुनकर गांव के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।पुलिस ने पीड़ित रविकुमार गोड़ की तहरीर पर विरेन्द्र यादव , बनारसी यादव, अजय यादव, चुन्नु यादव, अमित यादव, विकेश यादव, विवेक यादव, तेज प्रताप यादव, अजय यादव , अभिषेक यादव, नन्दलाल यादव, आकाश यादव, सुरेश यादव और गुलाब यादव के खिलाफ मारपीट ,बलवा आदि गंभीर धाराओ में मुकदमा दर्ज किया है। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दबिश दे रही है।
