बलिया : दोकटी पुलिस ने पकड़ी 22 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब, तस्करी में इस्तेमाल पिकअप सीज - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : दोकटी पुलिस ने पकड़ी 22 लाख की अवैध अंग्रेजी शराब, तस्करी में इस्तेमाल पिकअप सीज

     


    बलिया। जनपद में अवैध शराब की तस्करी, बिक्री और निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत दोकटी पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एक पिकअप वाहन से विभिन्न ब्रांडों की करीब 3105 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत लगभग 22 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन को सीज कर मुकदमा दर्ज कर लिया है।


    पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया मो. फहीम कुरैशी के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई।

    जानकारी के अनुसार 26 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे दोकटी थानाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान शोभा छपरा-बैरिया मार्ग से मठ धजु गिरि की मठिया लक्ष्मण छपरा मार्ग की ओर जा रही एक सफेद रंग की पिकअप पुलिस को देखकर अचानक सड़क किनारे खड़ी कर दी गई। चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।


    पुलिस ने जब त्रिपाल से ढंकी पिकअप की तलाशी ली तो उसमें भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब लदी मिली। वाहन को थाने लाकर गहन जांच की गई, जिसमें कुल 300 पेटी शराब बरामद हुई। बरामद शराब में बीयर, 8 पीएम, ऑफिसर च्वाइस, रॉयल स्टैग, आफ्टर डार्क, ब्लेंडर प्राइड समेत विभिन्न ब्रांड शामिल हैं।

    पुलिस के अनुसार बरामद शराब को गैरप्रांत में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। मामले में वाहन स्वामी प्रदीप कुमार वर्मा निवासी बहादुरपुर कारी, बलिया तथा अज्ञात चालक के खिलाफ दोकटी थाने में आबकारी अधिनियम की धारा 60(1)/63 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।

    इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष वीरेन्द्र कुमार सिंह, उपनिरीक्षक गिरीशचंद्र, कांस्टेबल राजीव कुमार, सम्राट सिंह सोलंकी, विवेक द्विवेदी तथा महिला कांस्टेबल समिता मौर्या शामिल रहीं।