बलिया : 25 हजार का इनामी बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार, बांसडीह की चर्चित चोरियों का खुलासा होने की उम्मीद
बांसडीह (बलिया),स्थानीय कोतवाली पुलिस ने गुरुवार देर रात मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश समेत पांच शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए बदमाश की पहचान विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर पुत्र शिवबचन राजभर निवासी सुखपुरा के रूप में हुई है। उसके पैर में गोली लगी है और उसका इलाज जिला अस्पताल बलिया में चल रहा है।
कोतवाल राकेश कुमार सिंह ने बताया कि 15 मई की रात कोतवाली क्षेत्र में गश्त और चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पालिटेक्निक स्कूल हुसैनाबाद के पास बड़ा पोखरा भीटा पर पांच बदमाश चोरी की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि अन्य चार बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया।
कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से 02 अवैध तमंचा 315 बोर, 02 जिंदा कारतूस, 02 खोखा कारतूस, एक नाजायज चाकू, 04 एंड्रायड मोबाइल, 580 रुपये नकद तथा 03 मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनमें एक बाइक चोरी की बताई जा रही है। गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहन सिंह, अभिनव सिंह, मनीष कुमार और विशाल भारद्वाज शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उनका एक संगठित गिरोह है जो बलिया सहित अन्य जिलों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था।पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ थाना बांसडीह में मुकदमा संख्या 137/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है। वहीं घायल बदमाश विशाल भारद्वाज उर्फ अच्छे राजभर का लंबा आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ बलिया और मऊ जनपद के विभिन्न थानों में चोरी और अन्य अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं।

