बलिया : मूंज के झुरमुट में वृद्ध का शव मिलने से मचा हड़कंप - Ballia Breaking
  • Ballia Breaking

    बलिया : मूंज के झुरमुट में वृद्ध का शव मिलने से मचा हड़कंप

     

    मनियर (बलिया)। थाना क्षेत्र के बड़ागांव के पास शनिवार को मूंज के झुरमुट में एक वृद्ध का झुलसा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम करीब 5:30 बजे ग्रामीणों को बड़ागांव के निकट स्थित एक पोखरी के पास झुरमुट में झुलसा हुआ शव दिखाई दिया। बताया जा रहा है कि सुबह करीब 11:12 बजे उसी स्थान पर अचानक आग लग गई थी। शाम के समय ट्यूबवेल मालिक प्रभुनाथ राम का पुत्र राख देखने के लिए वहां पहुंचा तो उसे झुलसा हुआ व्यक्ति दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी मनियर अजय कुमार त्रिपाठी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त कराई। मृतक की पहचान मुनीराम (60) पुत्र रूपचंद राम निवासी बड़ागांव, थाना मनियर, जनपद बलिया के रूप में हुई।

    ग्रामीणों के अनुसार मुनीराम लगभग एक सप्ताह पहले दिल्ली से गांव आए थे, जबकि उनका परिवार अभी भी दिल्ली में रहता है। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि झुरमुट में लगी आग बुझाने के दौरान वह उसकी चपेट में आ गए और गंभीर रूप से झुलस गए। थाना प्रभारी अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि संभवतः मृतक अपने खेत की डंठल जलाने के लिए आग लगाए थे, जिसकी लपटें आसपास फैले मूंज और कपड़ों तक पहुंच गईं। आग बुझाने के प्रयास में वह झुलस गए होंगे। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।